देश

ओडिशा में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए केंद्र प्रतिबद्ध, ओडिशा पर्व में बोले PM मोदी

Odisha Parba 2024: ओडिशा पर्व 2024' को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि जैसे ही ओडिशा में नई सरकार बनी, पहले 100 दिनों के भीतर 45 हजार करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई।

Image

ओडिशा पर्व-2024 को पीएम मोदी ने किया संबोधित

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Odisha Parba: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'ओडिशा पर्व 2024' में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ओडिशा में कारोबार की आसानी को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हुए, जो ओडिशा से हैं। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में ओडिशा पर्व में हिस्सा लेकर वह काफी खुश हैं। यह राज्य देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसकी सांस्कृतिक विरासत की देश और दुनिया भर में प्रशंसा होती है।

ओडिशा पर्व की पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री ने जय जगन्नाथ कहते हुए अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने ओडिशा पर्व की राज्य के लोगों को बधाई दी और उड़िया कवि गंगाधर मेहर को श्रद्धांजलि दी जिनका इस साल पुण्यतिथि का शताब्दी वर्ष है। उन्होंने उड़िया भागवत की रचना करने वाले जगन्नाथ दास को भी नमन किया। पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा हमेशा से संतों और विद्वानों की धरती रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ओडिशा ने देश को कितना सक्षम नेतृत्व दिया है, यह भी हमारे सामने है। ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति हैं। यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है। उनकी प्रेरणा से आज भारत में आदिवासी कल्याण के लिए हजारों करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू हुई हैं। ये योजनाएं सिर्फ ओडिशा में ही नहीं, पूरे देश के आदिवासियों का हित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए 10 साल से चल रहे अनवरत प्रयास ओडिशा के लिए नए भविष्य की उम्मीद बन रहे हैं। साल 2024 में ओडिशा के लोगों के अभूतपूर्व आशीर्वाद ने इस उम्मीद को नया हौसला दिया है।

100 दिन के अंदर 45 हजार करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे पूर्वी भारत में कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा के कामों में तेजी लाई गई है। केंद्र सरकार 10 साल पहले ओडिशा को जितना बजट देती थी, आज प्रदेश को उससे तीन गुना अधिक बजट मिल रहा है। इस साल ओडिशा के विकास के लिए पिछले साल की तुलना में 30 फीसदी अधिक बजट दिया गया। हम ओडिशा के विकास के लिए हर सेक्टर में तेजी से काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ओडिशा में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्कर्ष, उत्कल के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। ओडिशा में नई सरकार बनते ही पहले 100 दिन के अंदर 45 हजार करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी मिली है। आज ओडिशा के पास अपना विजन भी है और रोड मैप भी।

पीएम मोदी ने कहा कि आज के आधुनिक युग में हमें न केवल नए बदलावों को स्वीकार करना है, बल्कि अपनी जड़ों को भी मजबूती से पकड़ना है। ओडिशा पर्व इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। आज ओडिशा में और देश भर में ऐसी सरकार है, जो ओडिशा की धरोहरों और उसकी पहचान का सम्मान करती है। पिछले साल भारत में आयोजित जी20 सम्मेलन के दौरान, सूर्य मंदिर की भव्यता को राष्ट्राध्यक्षों और राजनयिकों के सामने प्रस्तुत किया गया।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article