सेब के बागान में नौकरी का झांसा, रूस-यूक्रेन युद्ध में धकेले जाने का आरोप, गंजाम के परिवार ने लगाई गुहार

ओडिशा के 35 वर्षीय प्रवासी मजदूर मगुनी साहू को रूस में सेब के बागान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर युद्ध से जुड़े काम में धकेलने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि उसे रूसी सैन्य संगठन से जुड़े एक सशस्त्र समूह में काम करने के लिए मजबूर किया गया।

ओडिशा के गंजाम जिले के एक 35 वर्षीय प्रवासी मजदूर को रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर धोखा दिए जाने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि सेब के बागान में काम दिलाने का वादा करके उसे रूस बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे कथित तौर पर रूसी सैन्य संगठन से जुड़े एक सशस्त्र संगठन में काम करने के लिए मजबूर किया गया। परिवार ने राज्य और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर युवक की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।

नौकरी के नाम पर मिला धोखा

नौकरी के नाम पर मिला धोखा

युवक की पहचान मगुनी साहू के रूप में हुई है। वह गंजाम जिले के खल्लिकोट ब्लॉक के मथुरा गांव का रहने वाला है। परिवार के मुताबिक, करीब चार महीने पहले वह क्रास्नोडार में सेब के बागान में नौकरी मिलने के आश्वासन पर रूस गया था।

हालांकि, परिवार का कहना है कि मगुनी ने वहां करीब एक महीने तक ही सेब के बागान में काम किया। इसके बाद कथित तौर पर उसे धोखे से दूसरी जगह ले जाया गया और एक ऐसे संगठन के लिए काम करने को कहा गया, जिसके रूसी सेना से जुड़े होने की आशंका है।

नौकरी के नाम पर वेतन, खाना और रहने की सुविधा का वादा

मगुनी के पिता गंडिचा साहू ने ओडिशा के प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स को लिखे पत्र में भर्ती के दौरान किए गए वादों का जिक्र किया है। उनके अनुसार, नौकरी के विज्ञापन में सेब तोड़ने, छंटाई, पैकिंग और पौधारोपण जैसे काम बताए गए थे। विज्ञापन में पहले पांच महीनों के लिए हर महीने 50 हजार रूसी रूबल और छठे महीने से 70 हजार रूबल वेतन देने का वादा किया गया था। इसके अलावा रहने, खाने और परिवहन की सुविधा भी देने की बात कही गई थी, लेकिन मगुनी के पिता का आरोप है कि रूस पहुंचने और सेब फैक्ट्री में काम शुरू करने के बाद उनके बेटे को केवल करीब 40 हजार रुपये प्रतिमाह ही मिले। यह भर्ती के समय किए गए वादे से अलग था।

मां को आखिरी बातचीत याद कर छलक उठा दर्द

मगुनी की मां आपी साहू ने बेटे के रूस जाने से पहले हुई बातचीत को याद किया। उन्होंने बताया कि विदेश जाने से पहले बेटे ने उनसे कहा था, “मां, मैं विदेश जा रहा हूं। तुम दुखी मत होना और रोना मत।”

मां के मुताबिक, परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा आगे चलकर ऐसी परिस्थिति में फंस जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस जगह बेटे को ले जाया गया, वहां उसे ठीक से खाना भी नहीं दिया जा रहा था। उन्होंने कहा, “वह परिवार का कर्ज चुकाने के लिए विदेश गया था। मैंने उससे कहा था कि एक महीने रहकर वापस आ जाना, भले ही तुम्हें पैसे न मिलें।”

आपी साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले बेटे का फोन आया था। उसने कहा था कि कंपनी उसे किसी दूसरी जगह लेकर जा रही है और करीब 15 दिनों तक वह परिवार से संपर्क नहीं कर पाएगा।

बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार की गुहार

मगुनी के परिवार ने गंजाम के जिलाधिकारी और श्रम विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बेटे की सुरक्षित रिहाई और भारत वापसी के लिए मदद मांगी है। इसके अलावा, उसके पिता ने ओडिशा के प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स को भी पत्र लिखकर हस्तक्षेप की अपील की है। हालांकि, परिवार का कहना है कि अब तक उनकी कोशिशों का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। परिवार को अब राज्य और केंद्र सरकार से जल्द कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि मगुनी का पता लगाया जा सके, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो और उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जा सके।

End Article
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं।...

End of Feed