Chirag Paswan News: केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी मामले में पार्टी ने दिल्ली पुलिस से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी ने कहा है कि चिराग मजबूत नेता हैं और वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। पार्टी ने धमकी के पीछे मौजूद व्यक्ति की पहचान करने का अनुरोध किया है। पार्टी के लीगल सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता सुशील कुमार ने कहा कि चिराग पासवान को बुधवार को मिली जान से मारने की धमकी, खास तौर पर उस पत्र में 'हार्डकोर आतंकवादी' शब्द का इस्तेमाल किया गया था, को लेकर हमने थानाध्यक्ष (SHO) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। हमने इस गंभीर धमकी के पीछे मौजूद व्यक्ति की पहचान करने के लिए FIR दर्ज करने का अनुरोध किया है।
CCTV फुटेज की जांच करने की मांग
उन्होंने कहाकि हमने पत्र के स्रोत और इसे पहुंचाने वाले व्यक्ति की भी जांच की मांग की है। इसके लिए CCTV फुटेज की जांच करने का सुझाव दिया गया है, ताकि पता लगाया जा सके कि इसमें कोई असामाजिक तत्व, आतंकवादी संगठन या अन्य व्यक्ति शामिल हैं या नहीं। कुछ असामाजिक तत्व उन्हें कमजोर करने या मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन हमारे नेता मजबूत हैं। वह युवाओं के नेता हैं और देश तथा सभी धर्मों और वर्गों के लोगों के लिए लगातार काम करते हैं। ऐसी धमकियों से वह डरने वाले नहीं हैं।
कुमार ने आगे कहा कि जहां तक पुलिस की कार्रवाई का सवाल है, पुलिस ने मामले की गंभीरता को स्वीकार किया है और जांच शुरू कर दी है। उनकी विशेष टीमें मामले पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं और जल्द ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय गृह सचिव को दी गई धमकी की जानकारी
चिराग पासवान को यह धमकी ऐसे समय मिली है, जब वह केंद्रीय मंत्री के साथ-साथ अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर भी सक्रिय हैं। धमकी किसने भेजी और पत्र कहां से पोस्ट किया गया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। चिराग पासवान के कार्यालय ने धमकी की जानकारी केंद्रीय गृह सचिव को देते हुए सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर कार्रवाई का अनुरोध किया है। मामले में संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की ओर से जांच की जा सकती है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाले की पहचान हुई है या नहीं और पत्र में दी गई धमकी को लेकर जांच में क्या जानकारी सामने आई है।
आरक्षण के मुद्दे पर क्या बोले चिराग पासवान?
कुछ दिनों से चिराग पासवान आरक्षण से जुड़े मुद्दे को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे हैं। अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण में उप-वर्गीकरण और ‘क्रीमी लेयर’ के प्रावधान को लेकर चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बीच मतभेद सामने आए थे। दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे के इस्तीफे की मांग तक की गई थी। चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी के साथ-साथ बिहार सरकार में मंत्री उनके बेटे संतोष कुमार सुमन के इस्तीफे की मांग की थी।
