आज (मंगलवार, 21 जुलाई 2026) कॉकरोच जनता पार्टी संसद मार्च नहीं निकालेगी। सुबह से खबर थी कि नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे छात्र आज भी संसद मार्च निकालेंगे, लेकिन अभी कुछ देर पहले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रेसिडेंट अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया है कि आज सीजेपी संसद मार्च नहीं निकालेगी। इस दौरान अभिजीत दीपके ने सरकार से कल (सोमवार-20 जुलाई) की घटना के लिए तीखे सवाल भी पूछे हैं।
जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे अभिजीत दीपके (फोटो- PTI)
कल पत्थर कहां से आए?
अभिजीत दीपके ने कल के संसद मार्च के दौरान हिंसा और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पत्थर कहां से आए, जबकि एक-एक छात्रों के बैग पुलिस चेक कर रही थी। अभिजीत दीपके ने कहा, " सरकार को बच्चों की जान की कोई चिंता नहीं है। अगर मार्च को रोकना था, तो वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जा सकता था। पहले भी दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। आखिर कल पत्थर कहां से आए? हमारे हर कार्यकर्ता के बैग की जांच की जा रही थी, फिर पत्थरों से भरे ट्रक कहां से आए? वहां दिल्ली पुलिस की जगह गुंडे तैनात थे।
घायल छात्रों से मिलने अस्पताल जाएंगे अभिजीत
अभिजीत दीपके ने कहा कि कल की घटना में 150 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। वो उनसे मिलने लेडी हार्डिंग अस्पताल जाएंगे और घायल बच्चों से मिलेंगे। दीपके न कहा कि कल जो कुछ हुआ, वह पूरी तरह तानाशाही थी।
सोनम वांगचुक कल खत्म करने वाले थे अनशन
अभिजीत दीपके ने आज एक और बड़ा खुलासा किया। उन्होंने दावा किया कि कल सोनम वांगचुक अपना अनशन समाप्त करने वाले थे। हमने उन्हें बड़ी मुश्किल से इसके लिए राजी किया था, लेकिन पुलिस की बर्बरता देखकर उन्होंने दोबारा कहा कि वे फिर से अनशन पर बैठेंगे। हम कोई मार्च नहीं निकालेंगे। हम नहीं चाहते कि किसी भी बच्चे को चोट लगे या किसी का सिर फूटे। हमारा विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।
