Bihar Electricity Bill: बिहारवासियों को नीतीश कुमार ने बड़ा तोहफा दे दिया है। कुछ दिनों पहले जो बिजली के बिल बढ़ाने की बात कही जा रही थी, उसका अब जनता पर बोझ नहीं पड़ेगा। नीतीश सरकार ने ऐलान किया है कि बिजली के दाम नहीं बढ़ेंगे। नीतीश कुमार के इस ऐलान के बाद डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सरकार के फैसले की तारीफ करते हुए इसे जनता और किसानों के हक में लिया गया फैसला बताया।
क्या कहा नीतीश कुमार ने
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को विधानसभा में घोषणा की कि उनकी सरकार बिजली दरों में बढ़ोतरी नहीं करेगी और 13,114 करोड़ रुपये की सब्सिडी देगी। नीतीश कुमार ने कहा-"हमारी कैबिनेट ने फैसला किया है कि हम बिहार के लोगों के लिए बिजली की दरें नहीं बढ़ने देंगे और टैरिफ पिछले साल की तरह ही रहेंगे। इसके लिए हमने सब्सिडी को 8,895 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 13,114 करोड़ रुपये कर दिया है।"
मोदी सरकार को घेरा
इस ऐलान के साथ ही नीतीश कुमार ने कहा कि आज अंतिम दिन था, इसलिए सरकार सबकुछ फाइनल करके यह ऐलान कर रही है। बढ़ीं हुईं दरें कल यानि कि 1 अप्रैल से लागू होनी थीं, उससे पहले यह फैसला लेना जरूरी था। सीएम नीतीश ने इसके साथ ही मोदी सरकार पर भी निशाना साध दिया। नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार 'गरीब राज्य' होने के बावजूद बिहार से अधिक बिजली दर वसूल रही है। इसके लिए उन्होंने डाटा भी विधानसभा में रखा- "महाराष्ट्र को सबसे अमीर राज्य होने के बावजूद 4.32 रुपये प्रति यूनिट बिजली मिलती है, जबकि बिहार को यह 5.82 रुपये प्रति यूनिट मिल रही है।"
कितनी महंगी होने वाली थी बिजली
कुछ दिनों पहले ही बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने 24.1 प्रतिशत की वृद्धि का आदेश दिया था। संशोधित दरों को 1 अप्रैल से लागू किया जाना था। लेकिन अब सरकार की घोषणा के बाद उपभोक्ताओं को अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। सरकार के इस फैसले से महंगाई के इस दौर में जनता को बहुत बड़ा राहत मिलेगी।
