Times Now Summit 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टाइम्स नाउ समिट 2026 में तमिलनाडु को लेकर भाजपा की चुनावी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी राज्य में बड़े भाई एआईएडीएमके के साथ मिलकर आगे बढ़ेगी। टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर नाविका कुमार के साथ बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि राज्य में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति अभी भी सीमित है।
अमित शाह ने क्या कुछ कहा?
अमित शाह ने कहा, ''तमिलनाडु में हमारा काम कम है। वहां पर एआईएडीएमके साथ छोटे-छोटे दलों के साथ मिलकर एनडीए का एक गठबंधन किया है।'' इस दौरान, शाह ने एआईएडीएमके को बड़ा भाई करार दिया और कहा कि भाजपा, एआईएडीएमके को अपना प्रमुख सहयोगी मानते हुए काम करती रहेगी।
अमित शाह ने राज्य में सत्तारूढ़ डीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "मुझे राज्य में डीएमके के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर साफ नजर आ रही है। उन्होंने घृणा की राजनीति फैलाई है। इस दौरान, अमित शाह ने दावा किया कि एनडीए तमिलनाडु में मजबूत बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। तमिलनाडु में हम निश्चित रूप से सरकार बनाने जा रहे हैं।
विजय के साथ गठबंधन करेगी भाजपा?
अभिनेता से नेता बने विजय के साथ संभावित गठबंधन पर अमित शाह ने कहा कि हमने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ''हमने कोई प्रयास नहीं किया है। अगर वह हमारे साथ आते हैं, तो मुझे लगता है कि इसका उल्टा असर हमारे वोट बैंक पर पड़ेगा।'' त्रिकोणीय लड़ाई से जुड़े सवाल पर अमित शाह ने कहा, ''मैं चाहता हूं या नहीं चाहता हूं? इसका क्या महत्व है, वो ही लड़ रहे हैं।''
सनद रहे कि चुनाव आयोग ने 15 मार्च को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था। राज्य में 23 अप्रैल को एक ही चरण में चुनाव संपन्न होंगे, जबकि 4 मई को चुनावी नतीजे सामने आएंगे।
