देश

आज 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे नीतीश कुमार, मांझी-चिराग की हसरत होगी पूरी? सरकार के फॉर्मूले पर पेंच

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 28, 2024, 12:07 AM IST

Bihar Political Crisis: नीतीश कुमार का पलटी मारने का एक लंबा इतिहास है। अगर आज एक बार फिर से वो पलटी मारेंगे तो यह छठी बार होगा जब नीतीश अपने सहयोगियों को झटका देकर विरोधियों के साथ मिल जाएंगे।

Image

नीतीश कुमार आज दे सकते हैं इस्तीफा

Bihar Political Crisis: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानि कि रविवार को महागठबंधन से अलग होने की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर, बीजेपी के साथ जा सकते हैं। साथ ही आज ही शाम दोबारा से सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। नीतीश अगर ऐसा करते हैं तो वो रिकॉर्ड 9 बार शपथ लेने वाले बिहार के इकलौते सीएम होंगे।

नीतीश कुमार छठी बार मारेंगे पलटी

नीतीश कुमार का पलटी मारने का एक लंबा इतिहास है। अगर आज एक बार फिर से वो पलटी मारेंगे तो यह छठी बार होगा जब नीतीश अपने सहयोगियों को झटका देकर विरोधियों के साथ मिल जाएंगे। सूत्रों के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज जदयू विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद इस्तीफा देने वाले हैं। बैठक रविवार सुबह 10 बजे निर्धारित है, जहां जदयू सदस्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए जुटेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। इन विचार-विमर्श के बाद, नीतीश कुमार अपना इस्तीफा सौंपने के लिए राजभवन जाएंगे। नए नेतृत्व के लिए शपथ ग्रहण समारोह 4 बजे होगा।

मांझी की मांग

सूत्रों की मानें तो हम पार्टी के मुखिया जीतन राम मांझी अब मोल-तोल के रूप में आ चुके हैं। जीतन राम मांझी पर लालू यादव भी डोरे डाल रहे हैं, कांग्रेस की ओर से खुद राहुल गांधी बात कर चुके हैं। ऐसे में जीतन राम मांझी ने बीजेपी के सामने 2 मंत्री पद की मांग रखी है।

चिराग की हसरत

एनडीए के एक सहयोगी दल के नेता चिराग पासवान भी अपनी मांग बीजेपी के सामने रख चुके हैं। कहा जा रहा है कि चिराग के अंदर भी डिप्टी सीएम बनने की इच्छा है। इसके अलावा भी कुछ मांगे हैं, जो वो अमित शाह के साथ मीटिंग में रख चुके हैं। कहा जा रहा है कि नीतीश पर चिराग को ज्यादा भरोसा नहीं है।

सरकार के फॉर्मूले पर पेंच

नीतीश के दोबारा सीएम बनने और नई सरकार के गठन में कई पेंच हैं। कुछ बीजेपी नेता चाहते हैं कि सीएम पद अब भाजपा के पास रहे, नीतीश कुमार के पास नहीं। भाजपा कम से कम दो डिप्टी सीएम और मंत्रीमंडल के पुराने फॉर्मूले पर सहमत हो सकती है। दूसरी तरफ जीतन राम मांझी हैं, जो 4 विधायकों के साथ 2 मंत्रीपद मांग रहे हैं, चिराग पासवान और पशुपति पारस की भी अपनी इच्छाएं है। ऐसे में सरकार गठन का फॉर्मूला कैसा होगा, कहा नहीं जा सकता।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article