Nitish Kumar News: ऐसा लग रहा है कि जबतक बिहार में नीतीश कुमार है, पलटी मारने की खबरें और अटकलें आती रहेंगी। नीतीश कुमार को छठी बार पलटी मारे अभी महीना भी नहीं बीता है कि नीतीश कुमार से सातवीं बार पलटी मारने की खबरें आने लगी हैं। पहले लालू यादव से मुलाकात हुई, फिर लालू ने कहा दिया कि नीतीश कुमार के लिए दरवाजे खुले हैं, अब जदयू के ही एक विधायक ने दावा कर दिया है कि उनके लिए सभी के दरवाजे खुले हैं, जब जरूरत होगी, एंट्री कर लेंगे।
नीतीश के पलटी मारने पर क्या बोले गोपाल मंडल
जदयू विधायक गोपाल मंडल अपने विवादित बयानों के कारण जाने जाते रहे हैं। अब उन्होंने नीतीश कुमार के फिर से पलटी मारने की खबरों पर कहा कि यदि नीतीश कुमार वापस जाना चाहेंगे, तो उन पर विचार होगा। हमारा दरवाजा किसी के लिए बंद नहीं होता है। गोपाल मंडल ने कहा- "राजनीति में तो सबका दरवाजा खुला ही रहता है, किसी का दरवाजा बंद नहीं रहता। जब जरूरत पड़ेगी, जिसमें घुसना है, घुस जाएंगे।"
लोकसभा चुनाव के बाद मारेंगे पलटी?
आगो गोपाल मंडल ने यह भी हिंट दे दिया कि फिलहाल तो नहीं लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद ऐसा हो सकता है। गोपाल मंडल ने कहा- "फिर से क्यों, अभी जिसके साथ चल रहे हैं, चलने दीजिए, अभी 2024 तक चलने दीजिये। आगे जो होगा, देखा जाएगा।"
लालू यादव के साथ जाने पर क्या बोले नीतीश
इससे पहले सीएम नीतीश कुमार ने साफ कर दिया था कि वह अब एनडीए के साथ आ गए हैं, तो यहीं रहेंगे और वह कहीं नहीं जाएंगे। वहीं मीडिया की तरफ से उनसे जब लालू यादव के बयान को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा था कि जिनको जो कुछ बोलना है, बोलता रहे, उससे मुझे कुछ लेना-देना नहीं है।
