देश

मुंबई एयरपोर्ट पर धरे गए ISIS के 2 स्लीपर, इंडोनेशिया से पहुंचे थे भारत

NIA ने दो भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS के स्लीपर मॉड्यूल के सदस्य हैं। दोनों आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला फैज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है।

Image

ISIS स्लीपर सेल के 2 सदस्य मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

ISIS Sleeper Cells: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दो भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS के स्लीपर मॉड्यूल के सदस्य हैं। यह गिरफ्तारी महाराष्ट्र के पुणे में 2023 में हुए IED (विस्फोटक उपकरण) बनाने और परीक्षण से जुड़े एक मामले में की गई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला फैज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है। दोनों को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टर्मिनल-2) पर इमिग्रेशन ब्यूरो ने उस समय रोका जब वे जकार्ता, इंडोनेशिया से भारत लौटने की कोशिश कर रहे थे, जहां वे लंबे समय से छिपे हुए थे। इसके बाद एनआईए ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार थे और उनके खिलाफ एनआईए की विशेष अदालत, मुंबई द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। एनआईए ने दोनों के बारे में जानकारी देने वाले को 3 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

जांच एजेंसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह मामला इन लोगों द्वारा इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) पुणे स्लीपर सेल के आठ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश से संबंधित है, जो पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और न्यायिक हिरासत में हैं। इसमें कहा गया है कि उन्होंने हिंसा और आतंक के जरिए देश में इस्लामिक शासन स्थापित करने के आईएसआईएस के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़कर भारत की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के उद्देश्य से आतंकवादी कृत्य करने की साजिश रची थी।

दोनों आरोपी पुणे के कोंढवा में रहकर बनाते थे आतंकी प्लान

NIA ने कहा कि ये दोनों लोग, जिन पर पहले से ही अन्य गिरफ्तार आरोपियों के साथ आरोप पत्र दायर किया गया है, कथित तौर पर पुणे के कोंढवा में अब्दुल्ला फैयाज शेख द्वारा किराए पर लिए गए घर से आईईडी को इकट्ठा करने में शामिल थे। इसमें कहा गया है कि 2022-2023 की अवधि के दौरान, उन्होंने इन परिसरों में अपने द्वारा निर्मित आईईडी का परीक्षण करने के लिए एक नियंत्रित विस्फोट करने के अलावा, बम बनाने और प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन और उसमें भाग लिया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article