देश

दिल्ली में 20 फरवरी को शाम साढ़े चार बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह, इस दिन होगा नए सीएम के नाम का ऐलान

सूत्रों ने बताया कि अब भाजपा विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी। विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जाएगा जो दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री होगा।

Image

दिल्ली में 20 फरवरी को सीएम का शपथ ग्रहण

Photo : PTI

Next Delhi CM Oath: दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद के रामलीला मैदान में 20 फरवरी को शपथ लेने की संभावना है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को शाम साढ़े चार बजे होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह से पहले दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की एक बैठक भी होगी।

सभी सीएम-डिप्टी सीएम होंगे शामिल

सूत्रों ने बताया कि बैठक के बाद सभी मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि अब भाजपा विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी। विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जाएगा जो दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने बताया कि इस बैठक में शपथ ग्रहण समारोह के ब्योरे पर भी चर्चा की जाएगी।

भाजपा पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। भाजपा ने शानदार जीत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन को खत्म कर दिया। भाजपा ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से 48 पर जीत हासिल की।

सीएम पद की दौड़ में ये नाम

मुख्यमंत्री पद के लिए कई नवनिर्वाचित विधायकों के नाम चर्चा में हैं। शीर्ष पद के लिए सबसे आगे माने जाने वालों में प्रवेश वर्मा, भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय शामिल हैं। वर्मा ने विधानसभा चुनाव में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पराजित किया था। वह जाट बिरादरी से आते हैं। ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है।

पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय सहित अन्य को भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी में कई नेताओं का मानना है कि राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तरह भाजपा नेतृत्व नवनिर्वाचित विधायकों में से किसी एक पर दांव लगा सकता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article