देश

नए साल की पूर्व संध्या को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, मेट्रो में भी लागू होंगे ये नियम

Happy New Year : दिल्‍ली-NCR में नए साल का जश्‍न मनाने के लिए निकलने से पहले आपको पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, मेट्रो और बसों से जुड़ी एडवाइजरी और अपडेट तक हर बात जान लेनी चाहिए, जिससे नववर्ष के स्‍वागत में कोई खलल न पड़े। जानकारी के मुताबिक, इस बार नए साल के जश्न को लेकर दिल्ली पुलिस काफी सर्तक है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात को राष्ट्रीय राजधानी में नए साल के जश्न के मद्देनजर जनता के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

Image

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

New Year 2025: देश और दुनिया में नए साल का आगाज होने जा रहा है। ऐसे में लोग जश्न की तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात (31 दिसंबर) को राष्ट्रीय राजधानी में नए साल के जश्न के मद्देनजर जनता के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वहीं, डीएमआरसी ने भी कुछ नियम लागू किए हैं। दिल्ली के कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और हौज खास नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने के लिए लोकप्रिय स्थान हैं, जहां लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का स्वागत करने आते हैं। दिल्ली पुलिस ऐसे क्षेत्रों के आसपास सुचारू यातायात प्रवाह और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाएगी।

Delhi Police

Delhi Police

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की खैर नहीं

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के पास वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए करीब 2500 कर्मियों की तैनाती होगी। नए साल की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए करीब 250 टीमें भी बनाई जाएंगी। इसके अलावा, 11 सीएपीएफ कंपनियों और 40 बाइक गश्ती दलों के साथ-साथ इतनी ही संख्या में पैदल गश्ती दलों को भी सेवा में लगाया गया है। नए साल की पूर्व संध्या पर रात 8 बजे के बाद से लेकर समारोह के समापन तक (यानी आधी रात के बाद तक) कनॉट प्लेस और उसके आसपास ट्रैफिक नियंत्रण उपाय लागू रहेंगे।

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, किसी भी वाहन को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट और अन्य प्रमुख चौराहों से आगे कनॉट प्लेस क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह क्षेत्र केवल वैध पास वाले वाहनों के लिए खुला रहेगा जो कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी सर्किल में प्रवेश कर सकेंगे। कुछ क्षेत्रों में पार्किंग भी सीमित रहेगी, गोले डाकखाना, पटेल चौक और मंडी हाउस के पास पार्किंग के लिए विशिष्ट स्थान निर्धारित किए गए हैं, जो पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होंगे। ऐसे क्षेत्रों में पार्क किए गए अनधिकृत वाहनों को अधिकारियों द्वारा टोइंग और दंड का सामना करना पड़ेगा।

DMRC ने भी जारी की एडवाइजरी

वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि रात 9 बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। स्टेशन से आखिरी ट्रेन गुजरने तक प्रवेश खुला रहेगा। डीएमआरसी के बयान अनुसार, पुलिस अधिकारियों की सलाह के मुताबिक नए साल की पूर्व संध्या (31 दिसंबर, 2024) पर भीड़भाड़ को कम करने के लिए रात 9 बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से आखिरी ट्रेन के प्रस्थान तक यात्रियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

Delhi Metro

Delhi Metro

डीएमआरसी के बयान में कहा गया है कि यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं। मेट्रो नेटवर्क के बाकी हिस्सों पर सेवा नियमित समय सारणी (रेगुलर टाइम टेबल) के अनुसार उपलब्ध रहेगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं, जैसे राम मनोहर लोहिया पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग और रानी झांसी रोड आदि। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें। अधिकारियों ने यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन और प्रगति मैदान के बीच भैरों रोड/मथुरा रोड से बचने की सलाह दी है, क्योंकि वे भीड़भाड़ में फंस सकते हैं।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article