New Train To Khatu Shyam : भगवान खाटू श्याम के भक्तों के लिए अच्छी खबर है। अब यहां जाना और आसान हो गया है। दिल्ली-हरियाणा से खाटू श्याम तक जाने के लिए अब सीधी ट्रेन मिलेगी। रेलवे शुक्रवार से रूणिचा एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। यह ट्रेन दिल्ली से जैसलमेर सातों दिन चलेगी। जैसलमेर से दिल्ली को जोड़ने वाली यह नई ट्रेन है। इससे पहले दिल्ली से जैसलमेर जाने वाले यात्रियों को जयपुर जाकर ट्रेन बदलनी पड़ती थी
दिल्ली से 8.55 बजे होगी रवाना
रूणिचा एक्सप्रेस ट्रेन हर रोज दिल्ली स्टेशन से सुबह 8 बजकर 55 मिनट पर जैसलमेर के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, नीम का थाना होते हुए दिन के 12 बजकर 59 मिनट पर रींगस जंक्शन पहुंचेगी। रींगस से खाटू श्याम की दूरी करीब 18 किलोमीटर है।
इन जगहों पर रुकेगी रूणिचा एक्सप्रेस (14087)
दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, डबला, नीम का थाना, कनवात, श्री माधोपुर, रींगस जंक्शन, रेनवाल, फुलेरा जंक्शन, कुचमन सिटी, मकराना जंक्शन, देगाना जंक्शन,मेरता रोड, रायका बाग, जोधपुर जंक्शन, मारवाड़ लोहवात फालोदी जंक्शन, रामदेवड़ा, आशापुरा गोमत, जैसलमेर।
यात्रियों को मिला विकल्प
अभी तक खाटू श्याम का दर्शन करने के लिए श्रद्धालु सबसे नजदीकी स्टेशन श्री माधोपुर था। धाम की दूरी यहां से बहुत कम है। अब यात्रियों को एक और विकल्प मिल गया है।
पीएम मोदी ने ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दो नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इनमें जैसलमेर को दिल्ली से जोड़ने वाली नई ट्रेन 'रुणिचा एक्सप्रेस' और मारवाड़ जंक्शन को खांबली घाट से जोड़ने वाली नई 'हेरिटेज ट्रेन' शामिल हैं। इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी तथा राजस्थान सरकार के मंत्री भाई भजनलाल भी मौजूद थे।
