देश

'लामिछाने से मिलकर मुझे खुशी हुई', नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख से मुलाकात के बाद क्या बोले PM मोदी

India Nepal Ties: नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने कहा कि लामिछाने से मुलाकात करके उन्हें प्रसन्नता हुई।

Image

PM मोदी से मिले नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख रवि लामिछाने

Photo : Twitter

India Nepal Ties: नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को भारत का प्राथमिकता वाला साझेदार बताते हुए कहा कि नयी दिल्ली देश की नयी सरकार के साथ सहयोग करने के लिए उत्सुक है।

क्या कुछ बोले PM मोदी?

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि लामिछाने से मुलाकात करके उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा, ''मैं साझा और समृद्ध भविष्य के लिए मिलकर काम करने की उनकी इच्छा का स्वागत करता हूं और उससे पूरी तरह सहमत हूं। नेपाल हमारी 'पड़ोसी पहले' नीति के तहत एक प्राथमिकता वाला साझेदार है और हम दोनों देशों के बीच विशेष और बहुआयामी संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए नयी सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।''

लामिछाने के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर भारत की यात्रा पर है। यह प्रतिनिधिमंडल सोमवार दोपहर नयी दिल्ली पहुंचा था।

लामिछाने से मिले थे नितिन नवीन

इससे पहले, नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा था कि भाजपा और आरएसपी के बीच दलीय स्तर पर संबंधों को और मजबूत करने को लेकर 'सार्थक चर्चा' हुई। नवीन ने यह टिप्पणी आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को भाजपा के मुख्यालय में हुई मुलाकात के बाद की थी।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, ''भाजपा को जानो पहल के तहत, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) नेपाल के अध्यक्ष रवि लामिछाने और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का भाजपा मुख्यालय में स्वागत करना और उनसे बातचीत करना मेरे लिए खुशी की बात है।'' उन्होंने कहा था कि भाजपा और आरएसपी के बीच दलीय स्तर पर संबंधों को और मजबूत करने को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article