देश

रिहा होते ही सरकार पर हमलावर हुईं नेहा बोरा, कहा-लोगों को रात भर हिरासत में रखना गैर-कानूनी

AISA नेता ने आगे कहा कि कानूनी तौर पर, लोगों को खासकर महिलाओं को सूर्यास्त के बाद छोड़ दिया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इसके अलावा, एक नया नैरेटिव (कथा) फैलाया जा रहा है -अराजकता और अव्यवस्था का। कैसी अराजकता और अव्यवस्था? वही जो आपने सेंट्रल दिल्ली में फैलाई है?

Image

AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा

Photo : ANI

Neha Bora: AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने हिरासत में लिए जाने पर सरकार पर हमला बोला है। दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद नेहा ने शनिवार सुबह सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक एवं सीजेपी के अन्य सदस्यों को रिहाई की भी मांग की। नेहा ने कहा कि लोगों को रात भर हिरासत में रखना गैर-कानूनी है।

पूछा-क्या लोगों को पूरी रात हिरासत में रखना जायज है?

बोरा ने कहा, 'कानून-व्यवस्था की हर तरह से धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आम नागरिकों के साथ ऐसा बर्ताव किया जाता है जैसे वे कोई बहुत बड़े अपराधी हों। यह चलन इस देश में लंबे समय से चला आ रहा है। मौजूदा आंदोलन ने साफ कर दिया है कि लोगों को कैसे हिरासत में लिया जा रहा है। चाहे दिन हो या शाम, उन्हें पूरी रात हिरासत में रखा जाता है और अगले दिन सुबह या शाम को ही छोड़ा जाता है। किस अधिकार के तहत इसे सही ठहराया जा सकता है? किस कानून या आदेश के तहत लोगों को पूरी रात हिरासत में रखना जायज है?'

'ज्ञानेश कुमार पर महाभियोग चलाएं'

AISA नेता ने आगे कहा कि कानूनी तौर पर, लोगों को खासकर महिलाओं को सूर्यास्त के बाद छोड़ दिया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इसके अलावा, एक नया नैरेटिव (कथा) फैलाया जा रहा है -अराजकता और अव्यवस्था का। कैसी अराजकता और अव्यवस्था? वही जो आपने सेंट्रल दिल्ली में फैलाई है? दिल्ली के लोग चैन की सांस भी नहीं ले पा रहे हैं, वे काम पर जाने के लिए जो भी रास्ता चुनते हैं, वह बंद मिलता है। आप पूरे देश में अराजकता और अव्यवस्था फैला रहे हैं। कृपया, भारत के लोगों को बख्श दें। ज्ञानेश कुमार पर महाभियोग चलाएं और SIR को रोकें, ताकि इस देश के आम नागरिक चैन की सांस ले सकें, सुकून से रह सकें और उनके वोट देने के अधिकार सुरक्षित रहें।'

दिल्ली पुलिस ने दिपके को किया गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में छात्र कार्यकर्ताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों की धरपकड़ और कस्टडी को लेकर देर रात भारी ड्रामा और कानूनी तनातनी देखने को मिली। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद देर रात तक उनके वकीलों, समर्थकों और वामपंथी नेताओं ने पुलिस स्टेशनों पर डेरा डाले रखा। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने नेहा को हिरासत से रिहा कर दिया जबकि दिपके को गिरफ्तार किया। दिपके को वह कोर्ट में पेश करेगी सूत्रों का कहना है कि पुलिस कोर्ट से दिपके की हिरासत की मांग करेगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article