NEET Paper Leak: कर्नाटक में नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के सदस्यों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस के सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
कर्नाटक में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
'भाजपा सरकार से तंग आ चुके युवा'
इस दौरान, कांग्रेस विधायक रिजवान अरशद ने युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना। बेंगलुरु में समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में रिजवान अरशद ने भाजपा सरकार से नीट परीक्षा को खत्म करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से युवा तंग आ चुकी है। वह सही ढंग से परीक्षा भी नहीं करवा पा रही है।
रिजवान अरशद ने कहा, ''देश के लोग, खासकर युवा, सरकार से से तंग आ चुके हैं। सरकार न तो अच्छी अर्थव्यवस्था दे पा रही है, न रोजगार और न ही निष्पक्ष परीक्षाएं करा पा रही है।'' रिजवान अरशद ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ हिंदू-मुस्लिम और समाज में नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने मांग की कि NEET परीक्षा को समाप्त किया जाए और प्रोफेशनल परीक्षाएं कराने का अधिकार राज्यों को दिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज करना बंद करे।
राजस्थान में भी हुआ विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा के प्रदेश कार्यालय की ओर रैली निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।
CBI को सौंपी गई जांच
सनद रहे कि वर्ष 2026 के लिए तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) पेपर लीक होने के आरोपों के बीच दो दिन बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच का जिम्मा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
