NEET Paper Leak Case: नीट पेपर लीक मामले में बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंंने आरोप लगाते हुए कहा है कि नीट पेपर लीक के मास्टरमाइंड सिकंदर के लिए तेजस्वी यादव के पीएस प्रीतम ने कमरा बुक करवाया था। विजय सिन्हा ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा है कि पेपर लीक के आरोपी सिकंदर के लिए तेजस्वी यादव के सचिव प्रीतम यादव ने ही पटना में गेस्ट हाउस बुक करवाया था। उन्होंने कहा, इस मामले की जांच होनी चाहिए और सीबीआई को तेजस्वी यादव और प्रीतम कुमार से पूछताछ करनी चाहिए, जिसके बाद स्पष्ट होगा कि नीट पेपर लीक में किसका हाथ है।
विजय सिन्हा ने बताया कि इस ममाले में मैंने विभागीय जांच कराई है। जानकारी सामने आई है कि 1 मई को तेजस्वी यादव के सचिव प्रीतम कुमार ने आरसीडी कर्मचारी प्रदीप कुमार को फोन करके सिकंदर के लिए एनएचएआई गेस्ट हाउस में कमरा बुक करने के लिए कहा था। इसके बाद 4 मई को भी दोबारा उन्होंने फोन किया था। इस दौरान विजय सिन्हा ने दोनों के लिए हुई कॉल डिटेल्स को भी दिखाया।
मंत्री जी के नाम पर बुक कराया कमरा
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रीतम ने मंत्री जी के नाम से बुकिंग कराई थी। उन्हेांने कहा, प्रीतम ने यह कमरा तेजस्वी यादव का नाम देकर बुक कराया था। उन्होंने दावा किया कि प्रीतम और सिकंदर यादव के बीच रिश्तों की कड़ी जुड़ रही है, इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने ओ कहा कि सिकंदर की पहुंच तेजस्वी के घर से लेकर बाहर तक थी। इस मामले में तेजस्वी यादव को जवाब देना चाहिए। इस मामले में पथ निर्माण विभाग के तीन पदाधिकारी प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार और उमेश यादव को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
