देश

म्यांमार में सेना और विद्रोहियों के बीच छिड़ी जंग, कई सैनिकों समेत 5000 लोग भागकर मिजोरम पहुंचे

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 14, 2023, 03:21 PM IST

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विद्रोही संगठनों ने सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है, जिससे सेना के जवानों को भी भागने पर मजबूर होना पड़ा है।

Image

म्यांमार बॉर्डर पर घमासान, सेना अलर्ट (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Myanmar Conflict: म्यांमार में भारतीय सीमा से लगते शहर में वहां की सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष के बाद हालात बिगड़ गए हैं। मिजोरम पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, पीपुल्स डिफेंस फोर्स, चिनलैंड डिफेंस फोर्स और चिन नेशनल आर्मी जैसे विद्रोही संगठनों के कैडरों ने रविवार रात मिजोरम के चंफाई जिले के जोखावथर के करीबी गांवों, रिहखावदार और खावमावी में म्यांमार सेना की चौकियों पर हमला कर दिया। इसके बाद सेना की जवाबी कार्रवाई में जमकर संघर्ष हुआ।

5,000 लोग भागकर मिजोरम पहुंचे

इस लड़ाई के बाद म्यांमार के हजारों नागरिक मिजोरम भाग आए। इनमें सेना के 39 जवान भी शामिल हैं। लगभग 5,000 म्यांमार नागरिक मिजोरम भागकर आए हैं। विद्रोही संगठनों और सेना के बीच भारतीय सीमा के करीब दो गांवों में बमबारी के बाद ये लोग रविवार रात भारत में प्रवेश कर गए।

विद्रोहियों के हमले के बाद रातभर गोलीबारी

विद्रोहियों के हमले के बाद सेना की जवाबी गोलीबारी रात भर जारी रही जिसके कारण यहां के लोगों को दोनों देशों के बीच सीमा निर्धारित करने वाली तियाउ नदी को पार करके भारतीय क्षेत्र में भागना पड़ा। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विद्रोही संगठनों ने सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है, जिससे सेना के जवानों को भी भागने पर मजबूर होना पड़ा है। सोमवार की सुबह म्यांमार सेना ने सीमावर्ती क्षेत्रों पर बमबारी की, जिससे दोनों गांवों के करीब 5,000, लोग भागकर भारत आ गए।

39 सैन्यकर्मियों को वापस भेजा गया

मिजोरम पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) लालबियाकथंगा खियांगते ने कहा कि 5,000 म्यांमार नागरिकों के साथ पड़ोसी देश के 39 सैन्यकर्मी भी सोमवार शाम को भारत में दाखिल हुए और जोखावथर में मिजोरम पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, उन्हें सीमा पर तैनात असम राइफल्स के जवानों को सौंप दिया गया है। ऐसी खबरें हैं कि म्यांमार सेना के सभी 39 जवानों को मंगलवार को भारतीय वायु सेना के विमान से पड़ोसी देश वापस भेज दिया गया।

8 लोग गंभीर रूप से घायल

लालबियाकथांगा ने कहा कि भारत में प्रवेश करने वाले 5,000 लोगों में से 21 को चोटें आई हैं। इनमें से आठ जो गंभीर रूप से घायल थे, उन्हें इलाज के लिए आइजोल ले जाया गया, जबकि बाकी को चम्फाई के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति, म्यांमार का नागरिक, जो पिछले साल भारत में आया था और जोखावथर में रह रहा था, म्यांमार की ओर से चली गोली से घायल हो गया। बाद में सोमवार को चम्फाई अस्पताल में उनसकी मौत हो गई।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article