देश

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में नक्सली ढेर, तलाशी अभियान जारी

पुलिस ने बताया कि इस घटना के साथ, राज्य के सुकमा सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग में इस साल अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने कुल 154 नक्सलियों को मार गिराया है।

Image

सुकमा में नक्सली ढेर

Naxalite killed in Sukma: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि चिंतागुफा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुमालपाड़ गांव के पास एक पहाड़ी पर जंगलों में सुबह-सुबह मुठभेड़ हुई, जब सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।

शव, हथियार बरामद

उन्होंने कहा कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स - राज्य पुलिस और जिला बल की दोनों इकाइयां के कर्मी ऑपरेशन में शामिल थे। उन्होंने बताया कि गोलीबारी रुकने के बाद मौके से एक नक्सली का शव, एक हथियार और भारी मात्रा में माओवादी संबंधित सामग्री बरामद की गई।

उन्होंने कहा, मृत नक्सली की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। पुलिस ने बताया कि इस घटना के साथ, राज्य के सुकमा सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग में इस साल अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने कुल 154 नक्सलियों को मार गिराया है।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके पास से विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को जगरगुंडा थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), जिला बल, बस्तर फाइटर और जिला रिजर्व गार्ड की संयुक्त टीम को गश्त के लिए रवाना किया गया था। यह संयुक्त टीम जब बैनपल्ली गांव के करीब पहुंची तब कुछ संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागने लगे। बाद में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में मिलिशिया कमांडर मुचाकी पाला (33) भी शामिल है। पाला के सिर पर एक लाख रुपए का इनाम है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। नक्सलियों ने पूछताछ में बताया कि वह नक्सली नेताओं के कहने पर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए विस्फोट लगाने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!