देश

हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री डकैती की कोशिश हुई तो सिखाएंगे कड़ा सबक, नौसेना प्रमुख ने चेताया

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 20, 2024, 06:27 AM IST

नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना संकट में फंसे भारतीयों और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए उत्तरी अरब सागर और लाल सागर में भी ड्रोन विरोधी अभियान चला रही है।

Image

हिंद महासागर में नौसेना का अभियान

Indian Navy: भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री डकैतों पर सख्त कार्रवाई कर रही है और उसका अभियान लगातार जारी है। ऐसे ही अभियान के तहत उसने कई जहाजों को समुद्री डकैतों से बचाया भी है। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने सोमवार को कहा कि भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में सुरक्षा को नुकसान नहीं पहुंचने देगी और अगर समुद्री डकैती का प्रयास किया गया तो वह बहुत कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पोत तैनात हैं और तीन से चार पोत सोमालिया के पास हैं। नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना संकट में फंसे भारतीयों और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए उत्तरी अरब सागर और लाल सागर में भी ड्रोन विरोधी अभियान चला रही है।

नौसेना कर रही कड़ी कार्रवाई

उन्होंने पुणे जिले के चाकन में ‘निबे डिफेंस और एयरोस्पेस’ के एक विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि भारतीय नौसेना समुद्री डकैती की कोई भी जानकारी मिलने पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। शीर्ष नौसेना कमांडर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री डकैती से निपटने के लिए मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ मिलकर काम करती है।

उन्होंने कहा कि अभी हम बड़े पैमाने पर सूचना एक-दूसरे को आदान-प्रदान करने के माध्यम से प्राप्त करते हैं। हम हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे बड़ी रेजीडेंट नौसेना शक्ति हैं और हम किसी को भी इस क्षेत्र में सुरक्षा एवं स्थिरता को बाधित नहीं करने देंगे।

पाकिस्तानी बंधकों को भी बचाया था

नौसेना प्रमुख ने कहा, हम कह चुके हैं कि समुद्री डकैती नहीं होगी और हम समुद्री डकैती करने की कोशिश करने वाले हर व्यक्ति को बहुत कड़ा सबक सिखाएंगे। भारतीय नौसेना द्वारा कुछ पाकिस्तानियों को समुद्री डकैती के प्रयास से बचाए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, समुद्र में जो भी संकट में है, हमें उसकी मदद करनी होती है, इसलिए हम संकोच नहीं करते और हमने उन्हें समुद्री लुटेरों से बचाया है। उन्हें समुद्री डाकुओं द्वारा बंधक बना लिया गया था। मछली पकड़ने के ईरानी ध्वज वाले पोत पर समुद्री डाकुओं ने हमला कर 19 पाकिस्तानियों को बंधक बना लिया था, जिन्हें भारतीय युद्धपोत आईएनएस सुमित्रा ने पिछले महीने सोमालिया के पूर्वी तट से मुक्त कराया था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article