Navi Mumbai International Airport: देश में एक और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा तैयार हो गया है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बन रहे नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहले विमान की सफल लैंडिंग हो गई है। यह टेस्ट सभी मानकों पर खरा उतरा है। इस टेस्ट के बाद अब जल्द ही नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमानों का परिचालन शुरू हो सकता है।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट ने की सफल लैंडिंग
ये भी पढ़ें- कजाकिस्तान में लैंड करते ही क्रैश कर गया अजरबैजान एयरलाइंस का विमान, 30 से अधिक की मौत की आशंका, देखिए वीडियो
इंडिगो के विमान ने की सफल लैंडिंग
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस टेस्टिंग के दौरान इंडिगो एयरलाइंस के ए320 विमान ने सफलतापूर्वक लैंड किया, इस दौरान उसे वाटर कैनन सलामी भी दी गई। रनवे 08/26 पर हुए इस उड़ान परीक्षण की निगरानी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), सीमा शुल्क, इमिग्रेशन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), महाराष्ट्र नगर एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सिडको), भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के साथ-साथ अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) और अन्य प्रमुख हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई थी।
जल्द शुरू होगा एयरपोर्ट
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), अरुण बंसल ने कहा, "यह नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। वैलिडेशन उड़ान का सफल समापन एक बड़ी उपलब्धि है और अब हम एयरपोर्ट को चालू करने के एक कदम और करीब हैं। हम हर कदम पर सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं। वैलिडेशन फ्लाइट ट्रायल को सफल बनाने के लिए हम डीजीसीए और सभी एजेंसियों के आभारी हैं। एनएमआईए न केवल विश्व स्तरीय एविएशन सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि यह क्षेत्र के विकास को भी सहारा देगा।"
कौन है नवी एयरपोर्ट का मालिक
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईएएल) नवी मुंबई में ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के विकास, निर्माण, परिचालन और रखरखाव के लिए बनाई गई है। एनएमआईएएल अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड का हिस्सा है और इसकी 74 प्रतिशत हिस्सेदारी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) और 26 प्रतिशत हिस्सेदारी सिडको के पास है। सिडको, महाराष्ट्र सरकार का उपक्रम है।
