Covid से निपटने की तैयारी परखेगी सरकार, देश भर में आज से दो दिन तक मॉक ड्रिल, 3 राज्यों में मास्क अनिवार्य

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 10, 2023, 10:25 AM IST

Mock Drill : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने पिछले सप्ताह कोरोना पर हुई समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्रियों को संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारी पुख्ता रखने के निर्देश दिए। इस बैठक में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को बताया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) वैरिएंट ऑफ इंटेरेस्ट (VOI), XBB.1.5 की करीबी से निगरानी कर रहा है।

Mock Drill : देश भर में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि लगातार जारी है। इस संकट से निपटने के लिए देश के सरकारी और निजी अस्पताल कितने तैयार हैं, इसे परखने के लिए देश भर में सोमवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया हरियाणा के झज्जर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में ड्रिल देखेंगे। यह मॉक ड्रिल दो दिनों सोमवार और मंगलवार को होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश भर में कोरोना संक्रमण के 5,880 नए मामले सामने आए। इस दौरान 12 लोगों की मौत हुई। दैनिक पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 6.91 और साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 3.67% हो गया है। इसके साथ ही देश में एक्टिव केस की संख्या 35 हजार के पार चली गई है।

corona cases in india

देश भर में सोमवार औऱ मंगलवार को होगा मॉक ड्रिल।

हरियाणा, केरल, पुड्डचेरी में मास्क पहनना अनिवार्य

हरियाणा सरकार ने अपने यहां सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। केरल सरकार ने भी कहा है कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्ग नागरिकों एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। पुड्डुचेरी में भी मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने पिछले सप्ताह कोरोना पर हुई समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्रियों को संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारी पुख्ता रखने के निर्देश दिए।

वैरिएंट्स पर करीबी नजर

इस बैठक में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को बताया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) वैरिएंट ऑफ इंटेरेस्ट (VOI), XBB.1.5 की करीबी से निगरानी कर रहा है। इसके अलावा छह अन्य वैरिएंट्स (BQ.1, BA.2.75,CH.1.1, XBB, XBF और XBB.1.16) पर नजर रखी जा रही है। बैठक में बताया गया कि ओमिक्रान और इसके सब-लिनिएज अभी भी संक्रमित करने वाले ज्यादा प्रभावी वैरिएंट्स बने हुए हैं।

End of Feed