भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार के दोबारा शुरू होने को लेकर चीन की ओर से सकारात्मक संदेश दिया गया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने X पर पोस्ट कर कहा कि सिक्किम के नाथू ला दर्रे से भारत-चीन सीमा व्यापार का 2026 सीजन 30 नवंबर को समाप्त होगा। उन्होंने इसे छह साल के अंतराल के बाद व्यापार मार्ग की ऐतिहासिक वापसी बताया।
भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार का सकारात्मक संदेश (प्रतीकात्मक फोटो)
यू जिंग ने अपनी पोस्ट में कहा कि अगस्त में व्यापार दोबारा शुरू होने के बाद इस ऐतिहासिक मार्ग ने स्थानीय व्यापारियों के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, आजीविका, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिला है। उन्होंने इसे सीमा के दोनों ओर आर्थिक संबंधों और साझा समृद्धि की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
छह साल बाद खुला नाथू ला व्यापार मार्ग
नाथू ला के रास्ते भारत-चीन सीमा व्यापार 2020 में कोविड-19 महामारी और दोनों देशों के बीच सीमा तनाव के चलते बंद हो गया था। छह साल बाद 1 अगस्त 2026 को इस मार्ग से व्यापार फिर शुरू किया गया। सिक्किम सरकार के मुताबिक, व्यापार बहाली के उद्घाटन समारोह में भारत और चीन के अधिकारियों ने हिस्सा लिया था और स्थानीय व्यापारियों के लिए व्यापार पास भी जारी किए गए थे।
नाथू ला व्यापार मार्ग सिक्किम के शेराथांग ट्रेड मार्ट को चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के रेनकिंगगांग ट्रेड मार्ट से जोड़ता है। इस मार्ग के दोबारा खुलने से खास तौर पर सीमावर्ती इलाकों के छोटे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सिक्किम सरकार ने भी कहा था कि इस व्यापार से स्थानीय उद्यमियों, परिवहन और अन्य कारोबारों के लिए अवसर पैदा हो सकते हैं।
भारत-चीन संबंधों में सुधार की कोशिश
नाथू ला व्यापार की बहाली ऐसे समय हुई है जब भारत और चीन 2020 के सीमा संघर्ष के बाद अपने रिश्तों को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत, सीमा संबंधी संवाद और आर्थिक संपर्क बढ़ाने की पहल हुई है। 12 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने व्यापारिक संबंधों, परिवहन संपर्क और लोगों के बीच आवाजाही बढ़ाने पर जोर दिया। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि सीमा पर शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों के विकास के लिए जरूरी आधार है। इससे पहले अगस्त 2026 में दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों की सीमा वार्ता भी हुई थी। भारत और चीन के बीच संवाद की बहाली को रिश्तों में आई सावधानीपूर्ण नरमी के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन सीमा विवाद और रणनीतिक अविश्वास अब भी दोनों देशों के संबंधों की बड़ी चुनौती हैं।
व्यापार बहाली का महत्व कितना?
नाथू ला के रास्ते होने वाला सीमा व्यापार सीमित और नियमों के तहत संचालित होता है। यह बड़े पैमाने पर सामान्य वाणिज्यिक व्यापार का खुला मार्ग नहीं है। भारत सरकार की जानकारी के अनुसार, इस व्यापार में पंजीकृत व्यापारियों को अनुमति होती है और केवल निर्धारित श्रेणियों के सामान का कारोबार किया जा सकता है।
व्यापार के लिए 36 अधिसूचित वस्तुओं की अनुमति
नाथू ला के रास्ते भारत और चीन के बीच व्यापार के लिए 36 अधिसूचित वस्तुओं की अनुमति है। भारत से चीन को कृषि उपकरण, कंबल, तांबे के उत्पाद, कपड़े, टेक्सटाइल, साइकिल, चाय-कॉफी, चावल, आटा, सूखे और ताजे फल-सब्जियां, मसाले, प्रोसेस्ड फूड, हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, रेडीमेड कपड़े और पारंपरिक धार्मिक सामग्री जैसे माला, प्रार्थना चक्र और अगरबत्ती भेजी जा सकती हैं।वहीं, चीन की ओर से भारत में ऊन, पश्मीना, याक के बाल और पूंछ, भेड़-बकरी की खाल, नमक, बोरेक्स, मक्खन, रेशम, रेडीमेड कपड़े, जूते, कालीन, रजाई-कंबल और स्थानीय हर्बल दवाओं जैसी वस्तुओं का आयात किया जा सकता है। इस साल का व्यापार सीजन 30 नवंबर को समाप्त होने जा रहा है। अब अहम सवाल यह होगा कि क्या अगले साल व्यापार का दायरा बढ़ेगा, अधिक वस्तुओं को अनुमति मिलेगी और स्थानीय व्यापारियों को लंबे समय तक स्थिर आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
नाथू ला क्या है?
नाथू ला समंदर से करीब 4,310 मीटर (14,140 फीट) की ऊंचाई पर है, जो भारत के सिक्किम को चीन के तिब्बत से जोड़ता है। ये प्राचीन सिल्क रूट का हिस्सा है। पहले यहाँ से ऊन, जड़ी-बूटी, चाय, मसाले, इलेक्ट्रॉनिक सामान और रोजमर्रा की चीजों का छोटे स्तर पर व्यापार होता था, बड़ा व्यापार यहां से नहीं होता, लेकिन सांकेतिक महत्व बहुत बड़ा है।
