Dushyant Chautala : हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला मंगलवार तड़के सड़क दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गए। दरअसल, घने कोहरे की वजह से उनकी कार पुलिस जीप से टकरा गई। यह हादसा अगरोहा के पास हुआ। चौटाला का काफिला हिसार से सिरसा जा रहा था। मंगलवार सुबह एनसीआर क्षेत्र में घना कोहरा छा गया। इसकी वजह से दृश्यता काफी कम हो गई। इस दौरान राज्य पुलिस की बोलेरो कार को आगे कुछ दिखाई नहीं दिया। किसी हादसे से बचने के लिए उसने अचानक से ब्रेक लगाया। तभी चौटाला की कार उससे टकरा गई। हालांकि, इस हादसे में दुष्यंत चौटाला को चोट नहीं आई।
सड़क हादसे से बाल-बाल बचे दुष्यंत चौटाला और अनिल विज।
हरियाणा के गृह मंत्री भी बाल-बाल बचे
यही नहीं, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज भी सड़क हादसे का शिकार होते-होते बचे। विज अपने सरकारी वाहन मर्सिडीज बेंज से अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे तभी केएमपी रोड पर उनकी कार का शॉकर दो हिस्सों में टूट गया। मौसम विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अत्यधिक कोहरा छाया हुआ है। इसमें सुधार होने में दो से तीन घंटे लगेंगे।
Haryana | A vehicle in the convoy of Deputy CM Dushyant Chautala met with an accident late last night in Dhandhoor… t.co/so2JLcYZ4m
— ANI (@ANI) Dec 20, 2022
कम दबाव के क्षेत्र से नमी की मात्रा बढ़ी-आईएमडी
इस हादसे में चौटाला के काफिले में शामिल एक कमांडो को हल्की चोटें आई हैं और क्षतिग्रस्त वाहन को बदल दिया गया है। दिल्ली-एनसीआर के मौसम में आए बदलाव के बारे में आईएमडी का कहना है कि उत्तरी राजस्थान पर बने कम दबाव के क्षेत्र से नमी की मात्रा बढ़ गई है। रात के समय हवा नहीं चलने से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कोहरा छाया रहा। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो 25 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके असर से ठंड में और बढ़ोतरी होगी।
