Emergency Landing News: मुंबई से रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में सोमवार को अचानक एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल इमरजेंसी के कारण नागपुर हवाई अड्डे पर विमान की आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। यात्री को उतरने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बीमारी के कारण उसने दम तोड़ दिया।
सांकेतिक तस्वीर। (Freepik)
मुंबई-रांची फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो एयरलाइन की मुंबई-रांची फ्लाइट की सोमवार शाम को मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। ये फ्लाइट मुंबई से रांची जा रही थी। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में एक यात्री को अचानक खून की उल्टी होने लगी जिसके बाद फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। लेकिन जब तक यात्री का इलाज शुरू हो पाता उससे पहले उसने दम तोड़ दिया।
किडनी और टीबी की बीमारी से पीड़ित था यात्री
मरने वाले शख्स की पहचान देवानंद तिवारी के रूप में हुई है। केआईएमएस अस्पताल के डीजीएम एजाज शामी ने कहा कि 62 वर्षीय तिवारी किडनी और टीबी की बीमारी से पीड़ित था। रात करीब 8 बजे मुंबई से रांची इंडिगो फ्लाइट में यात्री देवानंद तिवारी को खून की उल्टी होने लगी। आपातकालीन लैंडिंग के बाद, उन्हें इलाज के लिए नागपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
जब जयपुर एयरपोर्ट पर हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इशसे पहले 20 अगस्त 2023 को भी ऐसा मामला सामना आया था। जब लखनऊ से शारजाह जा रही इंडिगो की फ्लाइट में ही अचानक एक यात्री के सीने में दर्द होने लगा। शिकायत के बाद विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया था। उस वक्त मेडिकल इमरजेंसी का हवाला देते हुए फ्लाइट के पायलट ने जयपुर एयरपोर्ट के एटीसी से लैंडिंग की अनुमति मांगी थी।
