देश

मुंबई में दाऊद कनेक्शन वाले टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़: फरार आरोपी हुजैफा को दबोचा, कराची से रची जा रही थी साजिश

Huzaifa Karachi Connection: गिरफ्तार आरोपी हुजैफा सीधे सैयद मुदस्सिर हुसैन उर्फ 'मुन्ना झिंगाड़ा' के संपर्क में था। मुन्ना झिंगाड़ा को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का बेहद करीबी गुर्गा माना जाता है।

Image

मुंबई में दाऊद कनेक्शन वाले टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़: फरार आरोपी हुजैफा को दबोचा, कराची से रची जा रही थी साजिश

Terror Accused Huzaifa Arrested in Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दहलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक बहुत बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। महाराष्ट्र एटीएस (Anti-Terrorism Squad) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक संयुक्त और खुफिया ऑपरेशन चलाकर लंबे समय से फरार चल रहे टेरर आरोपी हुजैफा को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस चार अलग-अलग राज्यों से पहले ही कई संदिग्धों को हिरासत में ले चुकी है।

दाऊद इब्राहिम के करीबी 'मुन्ना झिंगाड़ा' से जुड़े थे तार

जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हुजैफा सीधे सैयद मुदस्सिर हुसैन उर्फ 'मुन्ना झिंगाड़ा' के संपर्क में था। मुन्ना झिंगाड़ा को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का बेहद करीबी गुर्गा माना जाता है। जांचकर्ताओं को पुख्ता शक है कि मुन्ना झिंगाड़ा ही विदेश में बैठकर इस पूरे टेरर मॉड्यूल की गतिविधियों की देखरेख कर रहा था और भारत में बैठे गुर्गों को गाइड कर रहा था।

बांद्रा स्टेशन पर अवैध मस्जिद हटाने के तनाव का फायदा उठाने की थी साजिश

पुलिस सूत्रों से मिली बेहद चौंकाने वाली जानकारी के अनुसार, मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन की जमीन पर से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान एक अवैध मस्जिद के ढांचे को गिराए जाने से इलाके में थोड़ा तनाव पैदा हुआ था।

आरोपी मुन्ना झिंगाड़ा और हुजैफा इसी तनाव का फायदा उठाने की फिराक में थे। उनका मकसद इस संवेदनशील मुद्दे की आड़ में स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं भड़काना और युवाओं को उग्रवाद व गैर-कानूनी/आतंकी गतिविधियों की दलदल में धकेलना था।

कराची से कंट्रोल हो रहा था पूरा खेल, हुजैफा को मिली थी 'फंडिंग'

अधिकारियों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि मुंबई को अशांत करने की इस पूरी साजिश की डोर पाकिस्तान के कराची से खिंची जा रही थी। कराची में बैठे आकाओं ने हुजैफा को मुंबई में एक लोकल सपोर्ट नेटवर्क तैयार करने और प्लान किए गए ऑपरेशन्स के लिए वित्तीय संसाधनों यानी पैसों का इंतजाम करने का काम सौंपा था। जांच में पता चला है कि हुजैफा को इस नेटवर्क को खड़ा करने के लिए करीब ₹1 लाख की शुरुआती फंडिंग भी मिली थी।

इंस्टाग्राम के जरिए ड्रग्स एडिक्ट युवाओं का ब्रेनवॉश

हुजैफा से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वह इलाके के अन्य युवाओं को बरगला रहा था। उसने युवाओं को बताया था कि पाकिस्तानी गैंगस्टर सोशल मीडिया ऐप इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं और उनके दिए गए टास्क को पूरा करने के बदले मोटी रकम दे रहे हैं।

इस नेटवर्क की जांच में दो और आरोपियों तौकीर और साजिद शेख का नाम भी सामने आया है, जिन्हें पहले ही कुर्ला और मुंब्रा से गिरफ्तार किया जा चुका है। ये दोनों आरोपी ड्रग्स की लत से जूझ रहे थे। आसानी से और जल्दी पैसा कमाने के लालच में आकर वे हुजैफा के जाल में फंस गए और इस देश विरोधी नेटवर्क से पैसे ले लिए। फिलहाल, महाराष्ट्र एटीएस और दिल्ली स्पेशल सेल की टीमें इस पूरे मॉड्यूल की गहराई से जांच कर रही हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article