Mumbai News: सोचिए... आप किसी नामी होटल या रेस्टोरेंट में अपने दोस्तों के साथ खाना खाने गए हों और खाने में चूहा-छिपकली या कॉकरोच निकल आए तो आपको गुस्सा आना लाजमी है। ऐसा ही कुछ मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित एक आलीशॉन रेस्टोरेंट में हुआ, जहां एक व्यक्ति अपने दोस्त के साथ खाना खाने गया था। इसी दौरान उसके खाने में मरा हुआ चूहा निकल आया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना मंगलवार की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता अनुराग सिंह का आरोप है कि जब होटल के प्रबंधक और शेफ से खाने में मरे हुए चूहे के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने गोल-मोल जवाब दिया। पुलिस ने शेफ और प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑर्डर की थी चिकन-मटन थाली
अनुराग सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बांद्रा वेस्ट के पाली हिल स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उन्होंने ब्रेड के साथ चिकन-मटन थाली ऑर्डर की थी। खाना खाते समय उन्हें चिकन-मटन का स्वाद अलग लगा। जब उन्होंने करीब से देखा तो उसमें एक छोटा मरा हुआ चूहा था।
मैनेजर ने दिया गोलमोल जवाब
शिकायतकर्ता ने बताया, जब उन्होंने इसके बारे में रेस्टोरेंट के मैनेजर से बात की, तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। इसके बाद उन्होंने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रेस्टोरेंट मैनेजर विवियन अल्बर्ट शिकेवर, उस समय होटल के शेफ और चिकन सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
