'संकट के दौर में है बहुपक्षवाद', G-20 की बैठक में विदेश मंत्रियों को PM मोदी का स्पष्ट संदेश

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 2, 2023, 11:17 AM IST

G-20 foreign ministers’ meet : विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तुर्की एवं सीरिया के भूकंप पीड़ितों को श्रद्धांजलि देकर सम्मेलन के पहले सत्र की शुरुआत की। इस मौके पर जी-20 के विदेश मंत्रियों ने एक मिनट का मौन रखा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'ऐसे समय में जब बहुपक्षवाद पर संकट है, हमें उपने उद्देश्यों एवं इन्हें हासिल करने के तरीकों में एकजुटता लाने की जरूरत है।'

G-20 foreign ministers’ meet : जी-20 के विदेश मंत्रियों की बैठक गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'ऐसे समय में जब बहुपक्षवाद पर संकट है, हमें उपने उद्देश्यों एवं इन्हें हासिल करने के तरीकों में एकजुटता लाने की जरूरत है।' पीएम ने कहा कि 'विश्व युद्ध के बाद वैश्विक प्रशासन अपने दोनों अधिकारों-भविष्य के युद्धों को रोकने एवं आपसी हित के मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत बनाने में असफल हुआ है।'

ग्लोबल साउथ को आवाज देने की कोशिश-पीएम

प्रधानमंत्री ने जी-20 की भारत की अध्यक्षता में 'एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य' की थीम को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह भावना स्पष्ट एवं साझा लक्ष्यों को पाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने आगे कहा, 'भारत की जी-20 की अध्यक्षता में ग्लोबल साउथ को आवाज देने की एक कोशिश हुई है।'

'आप भारतीय सभ्यता से प्रेरणा लें'

प्रधानमंत्री ने कहा कि 'हम गांधी और बुद्ध की धरती पर मिल रहे हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि हमें आपस में जोड़ने के लिए आपको भारतीय सभ्यता से प्रेरणा मिले।' पीएम मोदी ने कहा कि हम बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। हमारी जिम्मेदारी उनके लिए भी है जो यहां पर नहीं हैं। वृद्धि , विकास, आर्थिक निर्भरता, वित्तीय स्थिरता, भ्रष्टाचार, आतंकवाद और खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा की जो चुनौतियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए दुनिया हमारी (जी-20) की तरफ देख रही है। पीएम ने कहा, 'यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक स्तर पर खेमे बंदी है। जाहिर है कि विदेश मंत्रियों की इस बैठक पर भू-राजनीतिक तनाव का असर दिखेगा। इस तनाव से कैसे मुक्ति मिल सकती है, इसे लेकर हम सभी का अपना एक नजरिया और रुख है।'

तुर्की-सीरिया भूकंप पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तुर्की एवं सीरिया के भूकंप पीड़ितों को श्रद्धांजलि देकर सम्मेलन के पहले सत्र की शुरुआत की। इस मौके पर जी-20 के विदेश मंत्रियों ने एक मिनट का मौन रखा। विदेश मंत्री जयशंकर की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, चीन के विदेश मंत्री किन गांग, ब्रिटेन के मंत्री जेम्स क्लेवरली और विदेश मामलों के लिए यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि जोसेप बोरेल फोंटेल्स हिस्सा ले रहे हैं।

End of Feed