देश

नागपुर में हुई हिंसा पर आया सांसद डिंपल यादव का बयान, बोलीं- घटना के लिए महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार

Nagpur Violence: सांसद डिंपल यादव ने कहा कि नागपुर हिंसा के लिए महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

Image

नागपुर में हुई घटना के लिए महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार : डिंपल यादव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Nagpur Violence: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने नागपुर में हुई हिंसा को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है, जिस तरह से हिंसा हुई है, वीडियो और जो विजुअल्स आए हैं, वहां लोगों ने कहा कि लगातार हमने प्रशासन को फोन मिलाया, उसके बावजूद भी कोई मदद नहीं हुई है। इसके पीछे क्या मुहिम थी, इस पूरी घटना के पीछे महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार है।

यूपी के लोग पूरी तरह से जागरूक हैं- डिंपल यादव

डिंपल यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणाम से हम समझ सकते हैं कि आस्था और धर्म का विषय है, हमारा निजी विषय है। जो लोग आस्था और धर्म के विषय से राजनीति कर वोट लेना चाह रहे हैं, कहीं ना कहीं वह इस बात को समझ गए हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि यूपी के लोग पूरी तरह से जागरूक हैं। आने वाले समय में जनता ऐसी सरकार के लिए वोट करेगी, जो युवाओं को नौकरी देगी, जो यहां स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चला पाएगी, जो सड़कों का निर्माण करेगी, जो भ्रष्टाचार को रोकने का काम करेगी।

वोटर लिस्ट पर होनी चाहिए चर्चा- डिंपल यादव

सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सत्ता पक्ष की जो खामियां हैं, उन्हें लोगों के बीच आपके माध्यम से ले जाएंगे। विपक्ष तो सवाल उठाएगा ही। उसका काम ही यही है। वोटर लिस्ट पर चर्चा होनी चाहिए। चुनाव जब आते हैं तो मतदाताओं के नाम कट जाते हैं या उनके बूथ बदल दिए जाते हैं। इसमें भारी खामियां देखने को मिली हैं। इसमें दूसरे पक्ष के लोग अपने वोट कई गुना बढ़ा लेते हैं। कहीं न कहीं प्रश्न चिन्ह उठते हैं। इस पर चर्चा होनी चाहिए। औरंगजेब की कब्र खोदने को लेकर दिए जा रहे बयानों पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लोगों की भावनाएं भड़काने की साजिश है। ये लोग नहीं चाहते कि देश का सौहार्द बना रहे। देश के लोग मिलकर रहें, यह लोग नहीं चाहते हैं। यहां युवाओं के पास नौकरी नहीं है। किसानों के पास समस्या है। आवारा पशुओं से फसल सुरक्षित नहीं है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के पास नौकरियां नहीं हैं, किसान परेशान हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं, और स्वास्थ्य-शिक्षा पूरी तरह ठप है। सरकार इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय लोगों का ध्यान भटका रही है। वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक संसद में आएगा और जो कमेटी बनी है, उस पर चर्चा होगी। उन्होंने संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को नोटिस जारी होने के सवाल पर कहा कि लगातार एक टारगेट पॉइंट बना लिया गया है। ये लोग नहीं चाहते कि राज्य में सौहार्द बना रहे। अभी भी लोग भाईचारे के साथ रह रहे हैं। उसे कहीं न कहीं बिगाड़ने के लिए टारगेट किया जा रहा है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!