देश

ट्विशा शर्मा केस में CBI का बड़ा एक्शन: गिरिबाला सिंह के घर 'क्राइम सीन' रीक्रिएट करने पहुंची टीम, हाथ में दिखी डमी

Samarth Singh Twisha Sharma Murder Mystery: ​जांच के दौरान सीबीआई की टीम मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को साथ लेकर उस सीलबंद कमरे में दाखिल हुई, जहां 12 मई को ट्विशा का शव फंदे से लटका मिला था।

Image

ट्विशा शर्मा केस में CBI का बड़ा एक्शन: गिरिबाला सिंह के घर 'क्राइम सीन' रीक्रिएट करने पहुंची टीम, हाथ में दिखी डमी

Twisha Sharma Death Case CBI Investigation: मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई (CBI) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जांच संभालते ही सीबीआई की एक विशेष टीम मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंची। टीम ने भोपाल के बागमुगलिया एक्सटेंशन स्थित ट्विशा की सास और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के उस आवास का रुख किया, जहां ट्विशा मृत पाई गई थीं। वहां मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की मौजूदगी में करीब दो घंटे से पूरे घटनाक्रम (क्राइम सीन) को रीक्रिएट किया जा रहा है।

बंद कमरे की जांच और साक्ष्यों की जब्ती

जांच के दौरान सीबीआई की टीम मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को साथ लेकर उस सीलबंद कमरे में दाखिल हुई, जहां 12 मई को ट्विशा का शव फंदे से लटका मिला था। टीम ने बारीकी से यह समझने की कोशिश की कि घटना की रात असल में क्या हुआ था और शव को सबसे पहले किसने और कैसे नीचे उतारा। इस दौरान फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया।

सीबीआई ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल और भौतिक साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपी समर्थ सिंह का लैपटॉप, मोबाइल फोन, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं।

पूछताछ में गुमराह करने का आरोप, सुसाइड नोट की तलाश

सूत्रों के मुताबिक, सीन रीक्रिएशन से पहले सीबीआई और पुलिस टीम ने आरोपी पति समर्थ सिंह से करीब तीन घंटे तक कड़ी पूछताछ की थी। जांचकर्ताओं का कहना है कि समर्थ लगातार अपने बयानों से टीम को गुमराह करने और भटकाने की कोशिश कर रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि गर्भपात (Abortion) होने के बाद से ही ट्विशा काफी तनाव में चल रही थी। इसके अलावा, जब वह घटना के बाद फरार था, तो अपनी लोकेशन को लेकर भी वह लगातार झूठ बोलता रहा। सीबीआई की टीम घर में किसी सुसाइड नोट की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

5 दिनों की सीबीआई रिमांड पर हैं पूर्व जज और उनका बेटा

ट्विशा शर्मा की शादी करीब पांच महीने पहले भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। मौत के बाद नोएडा में रहने वाले ट्विशा के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित (Dowry Harassment) और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले की मुख्य आरोपी और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह (जो एक रिटायर्ड जज हैं) की अग्रिम जमानत को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके तुरंत बाद सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। भोपाल की एक विशेष अदालत ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह दोनों को 5 दिनों की सीबीआई कस्टडी (रिमांड) में भेज दिया है। अब एजेंसी इस वीआईपी परिवार के व्हाट्सएप चैट्स, फोन कॉल्स और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालकर मौत का असली सच सामने लाने में जुटी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article