देश

शुक्रवार को भी विमानों को आते रहे बम की धमकी वाले फोन, 25 से अधिक प्लेन झूठी धमकी का बने शिकार

सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘मेटा’ और ‘एक्स’ से विमानन कंपनियों को बम की धमकी वाले संदेशों के बारे में डेटा साझा करने के लिए कहा है और इन गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है।

Image

विमानों को लगातार मिल रही है बम से उड़ाने की धमकी

Photo : PTI

भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा संचालित 25 से अधिक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूत्रों ने यह जानकारी दी। पिछले 12 दिन में भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा संचालित 275 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियां मिली हैं। इनमें से अधिकांश धमकियां सोशल मीडिया के माध्यम से दी गईं। बृहस्पतिवार को 70 से अधिक उड़ानों में बम धमाके करने की धमकी मिली थी।

किन-किन विमानों को मिली धमकी

इंडिगो के प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि कोझिकोड से दम्मम जाने वाली 6ई 87 उड़ान समेत सात उड़ानों को सुरक्षा से संबंधित सूचना मिली। सूत्रों ने कहा कि इंडिगो, विस्तारा और स्पाइसजेट की सात-सात उडा़नों जबकि एअर इंडिया की छह उड़ानों को धमकियां मिलीं। इंडिगो की छह अन्य उड़ानों - 6ई 2099 (उदयपुर से दिल्ली), 6ई 11 (दिल्ली से इस्तांबुल), 6ई 58 (जेद्दा से मुंबई), 6ई 17 (मुंबई से इस्तांबुल), 6ई 108 (हैदराबाद से चंडीगढ़) और 6ई 133 (पुणे से जोधपुर) को धमकियां मिलीं।

क्या बोली इंडिगो

इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "उदयपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ान 6ई 2099 को बम की धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसी के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए, उड़ान भरने से पहले विमान को एकांत स्थान में भेज दिया गया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया।"

सरकार ने क्या कहा

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को आश्वासन दिया कि सरकार फर्जी बम धमकियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “हम हवाई यात्रा को बाधित करने वाली हाल की फर्जी बम धमकियों के मद्देनजर बहुत चिंतित हैं। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और हम इन दुर्भावनापूर्ण कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आइए हम सभी के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने को लेकर मिलकर काम करें।”

सरकार का एक्शन

इस सप्ताह के आरंभ में नायडू ने कहा था कि सरकार विमानन कंपनियों को बम धमकी मिलने की घटनाओं से निपटने के लिए विधायी कार्रवाई की योजना बना रही है, जिसमें ऐसी धमकी देने वालों को ‘नो-फ्लाई’ सूची में डालना भी शामिल है।

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें