देश

Monsoon Session Live Updates: सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या बढ़ाने वाला बिल पेश, अर्जुन राम मेघवाल ने पेश किया विधेयक

Monsoon Session 2026 Live Updates: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हो गई है। केंद्र सरकार ने 8 विधेयकों को पेश करने की तैयारी की है, जबकि विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा विवाद, NEET-UG 2026 पेपर लीक, E20 पेट्रोल नीति, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है। परिसीमन विधेयक फिलहाल एजेंडे में नहीं है, लेकिन इसे महिला आरक्षण कानून के लागू होने से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में यह सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए राजनीतिक परीक्षा साबित हो सकता है।

Image

संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू। PTI

Monsoon Session 2026 Live Updates: संसद के मानसून सत्र की आज शुरुआत हुई केंद्र सरकार ने इस सत्र के लिए 8 विधेयकों का एजेंडा तैयार किया है, जबकि विपक्ष ने साफ कर दिया है कि वह अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद, NEET-UG 2026 पेपर लीक, E20 पेट्रोल, महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति अपनाएगा।

संसद सत्र को लेकर ताजा अपडेट्स:

सुप्रीम कोर्ट जजों की संख्या बढ़ाने वाला बिल पेश किया। अर्जुन राम मेघवाल ने विधेयक पेश किया। बता दें कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय में वर्तमान में न्यायाधीशों की अधिकतम स्वीकृत संख्या 34 है (जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश भी शामिल हैं) , हालांकि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस सीमा को बढ़ाकर 38 न्यायाधीश करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई है।

संसद में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी नेताओं ने हंगामे की शुरुआत कर दी है। विपक्षी सांसद सदन के वेल में आकर नारेबाजी कर रहे हैं। लोकसभा को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। सरकार के एजेंडे में कई अहम विधेयक हैं। वहीं, विपक्ष कई मुद्दों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश में जुटी है।

पीएम मोदी ने पत्रकारों से की बात

संसद के मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये सत्र काफी ऐतिहासिक है। इस सत्र में सरकार कई अहम बिल लाने वाली हैं. साथ ही पीएम ने विपक्षी दलों से सकारात्मक रवैए अपनाने और सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप चलाने की अपील की।

पीएम ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'मानसून हो या और मानसून सत्र, अगर दोनों ही प्रो एक्टिव हो, तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं। और दोनों प्रोडक्टिव होते हैं, तो देश का कल्याण होता है, जीव मात्र का कल्याण होता है। इसलिए हम यही प्रार्थना करते हैं कि मानसून भी प्रोएक्टिव रहे और मानसून सत्र भी प्रोडक्टिव रहे।'

संसद में सरकार को घेरने की रणनीति पर INDIA गठबंधन की बैठक शुरू

संसद के मानसून सत्र के बीच विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन की अहम बैठक सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संसद कार्यालय में शुरू हो गई। बैठक में संसद के भीतर सरकार को घेरने की रणनीति और विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष की साझा लाइन तय किए जाने की संभावना है।

बैठक में कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए हैं। इनमें शिवसेना (उद्धव) के संजय राउत, सीपीआई के संतोष कुमार, तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सागरिका घोष, सीपीआई (एमएल) के राजा राम, एनसीपी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की महुआ मांझी, आरएसपी के एनकेपी, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर, सीपीएम के के. राधाकृष्णन और केरल कांग्रेस के फ्रांसिस जॉर्ज शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राम मंदिर चढ़ावा विवाद, NEET-UG पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों पर संसद के भीतर सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। साथ ही मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की संयुक्त रणनीति और सदन में समन्वय पर भी मंथन होने की उम्मीद है।

विपक्षी नेताओं की बैठक के फैसलों पर लोकसभा सांसदों को किया जाएगा ब्रीफ

संसद के मानसून सत्र के बीच कांग्रेस सोमवार को अपनी संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने जा रही है। पार्टी के लोकसभा सांसदों की बैठक सुबह 10:30 बजे संसद परिसर स्थित कांग्रेस संसदीय दल (CPP) कार्यालय में होगी। इस बैठक में कांग्रेस के लोकसभा सांसदों को विपक्ष के फ्लोर लीडर्स (Floor Leaders) की बैठक में लिए गए फैसलों और संसद के भीतर अपनाई जाने वाली रणनीति की जानकारी दी जाएगी। पार्टी नेतृत्व सांसदों को यह भी बताएगा कि सदन में किन मुद्दों पर सरकार को घेरना है और विपक्ष की संयुक्त रणनीति क्या होगी।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दिया स्थगन प्रस्ताव का नोटिस

संसद के मानसून सत्र के दौरान आज लोकसभा में दलबदल कानून को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने निचले सदन (Lok Sabha) में एक स्थगन प्रस्ताव(Adjournment Motion Notice) दिया है। इस नोटिस का उद्देश्य देश में एक नए और प्रभावी दलबदल विरोधी कानून (Anti-Defection Law) की रूपरेखा पर चर्चा करना है।

मनीष तिवारी ने अपने नोटिस में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए नए कानून की आवश्यकता पर बल दिया है। कांग्रेस सांसद मणिक्‍कम टैगोर ने लोकसभा में NEET UG पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर संसद में कांग्रेस का हमला

अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने संसद में सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को राज्यसभा में कार्यस्थगन (Suspension of Business) नोटिस देकर इस मामले पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की है। सुरजेवाला ने अपने नोटिस में अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे के प्रबंधन में सामने आए कथित गबन और अनियमितताओं के आरोपों को गंभीर बताते हुए सदन में इस पर विस्तृत चर्चा की मांग की है। उनका कहना है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए सरकार को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस का आरोप है कि मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर कई गंभीर सवाल उठे हैं और पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। विपक्ष इस मुद्दे को मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाने की रणनीति बना चुका है।

परिसीमन बिल को लेकर क्या है सरकार का उद्देश्य?

सरकार के विधायी एजेंडे में कई अहम बिल शामिल हैं, लेकिन परिसीमन (Delimitation) विधेयक फिलहाल सूची में शामिल नहीं है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि सरकार सत्र के दौरान इसे पेश करने की कोशिश कर सकती है, क्योंकि इसका संबंध महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन से भी जोड़ा जा रहा है। वहीं विपक्षी दलों ने संकेत दिए हैं कि वे संसद के भीतर राम मंदिर चढ़ावा प्रबंधन में कथित अनियमितताओं, NEET पेपर लीक, E20 ईंधन नीति, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे।

विपक्ष का कहना है कि इन विषयों पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच यह मानसून सत्र सरकार के लिए अपने विधेयकों को पारित कराने और विपक्ष के लिए सरकार को घेरने की बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।

थोड़ी देर में एनडीए की संसदीय दल की बैठक

संसद के मानसून सत्र के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल की अहम बैठक मंगलवार को सुबह 9:30 बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक संसद भवन परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम, पार्लियामेंट लाइब्रेरी बिल्डिंग (PLB) में होगी। एनडीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, संसद सत्र के दौरान हर मंगलवार होने वाली संसदीय दल की इस नियमित बैठक को अब नया नाम 'मंगल मिलन' दिया गया है। पहले यह बैठक केवल एनडीए संसदीय दल की नियमित बैठक के रूप में जानी जाती थी, लेकिन अब इसे औपचारिक तौर पर 'मंगल मिलन' कहा जाएगा।

बैठक में संसद के मौजूदा मानसून सत्र की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा सांसदों को सदन के भीतर सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने और विभिन्न विधेयकों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article