देश

Mohali Building Collapse: मोहाली में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत ढहने से 1 युवती की मौत; मालिकों के खिलाफ दर्ज हुई FIR

Mohali Building Collapse: पंजाब के मोहाली में शनिवार को एक निर्माणाधीन इमारत ढह गई। इमारत के मलबे से निकाली गई हिमाचल प्रदेश की 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम अभियान चला रही है। एम्बुलेंस के साथ-साथ चिकित्सा टीमें भी तैनात की गई हैं।

Image

पंजाब के मोहाली में बहुमंजिला इमारत ढही, एक युवती की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mohali Building Collapse: पंजाब के मोहाली जिले के सोहाना गांव में शनिवार को ढही चार मंजिला इमारत के मलबे से निकाली गई हिमाचल प्रदेश की 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कार्यवाहक उपायुक्त विराज एस तिड़के ने बताया कि ठियोग निवासी दृष्टि वर्मा को गंभीर हालत में मलबे से निकाला गया और सोहाना अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वर्मा की चोटों के कारण मृत्यु हो गई। शनिवार शाम एक बहुमंजिला इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कम से कम पांच लोग फंस गए। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दीपक पारीक ने बताया कि पुलिस ने इमारत के मालिकों परविंदर सिंह और गगनदीप सिंह के खिलाफ सोहाना थाने में BNS की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज कर लिया है। बचाव अभियान के तहत कई उत्खनन मशीनों को मलबा हटाने के काम में लगाया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम अभियान चला रही है। एम्बुलेंस के साथ-साथ चिकित्सा टीमें भी तैनात की गई हैं। तिड़के ने कहा कि यदि किसी को यह आशंका हो कि उनके परिवार के सदस्य मलबे में फंसे हो सकते हैं तो वे जिला नियंत्रण कक्ष नंबर 0172-2219506 पर फोन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सभी बड़े अस्पतालों, जैसे सिविल अस्पताल (मेडिकल कॉलेज से संबद्ध), फोर्टिस, मैक्स और सोहाना को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि बचावकर्मियों को एनडीआरएफ और सेना द्वारा लाए गए उपकरणों के अतिरिक्त आवश्यक उपकरण और मशीनरी भी उपलब्ध करा दी गई है।

प्लॉट में खुदाई किए जाने के कारण ढही इमारत

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मोहाली के साहिबजादा अजीत सिंह नगर में सोहाना के पास एक बहुमंजिला इमारत गिरने की दुखद खबर मिली है। पूरा प्रशासन और अन्य बचाव दल मौके पर तैनात हैं। मैं प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हम प्रार्थना करते हैं कि कोई जनहानि न हो, हम दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी करेंगे। लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करता हूं। मौके पर पहुंचे पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि बचाव कार्य में विभिन्न एजेंसियों की मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि सेना, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस बचाव अभियान में शामिल हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि जब इमारत ढही तो तेज आवाज सुनाई दी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि पास के प्लॉट में खुदाई किए जाने के कारण इमारत ढह गई। जांच के मुताबिक, इमारत में एक जिम भी थी, जहां युवा अक्सर आते थे। जिम की एक सदस्य ने बताया कि शनिवार को काम के कारण वह जिम नहीं जा सकी, जिसके कारण वह हादसे का शिकार होने से बच गई। आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे हैं। सिंह ने बताया कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। बचाव अभियान जोरों पर है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article