Sanjay Raut: अहमदाबाद में होने जा रहे क्रिकेट विश्वकप फाइनल मुकाबले का खुमार सिर चढ़ कर बोल रहा है। पूरा देश इस खिताबी मुकाबले को देखने के लिए बेताब है। मैच में टीम इंडिया की जीत के लिए दुआएं हो रही हैं। क्रिकेट फैंस की ओर से कहीं बड़ी स्क्रीन लगाई गई है तो कहीं हवन-पूजन का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में इस मुकाबले को यादगार बनाने के लिए BCCI की ओर से भी खास प्रबंध किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के कई दिग्गज भी इस दौरान स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। ऐसे में विपक्ष की ओर से भाजपा पर क्रिकेट विश्वकप को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया गया है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने का कहना है कि आजकल देश में हर चीज में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। क्रिकेट में राजनीति लाने की जरूरत नहीं है।
ये लोग मृत्यु का भी इवेंट करते हैं
संजय राउत ने कहा, इस देश में हर चीज में पॉलिटिकल इवेंट हो रहा है। जब से नरेंद्र मोदी की सरकार है, तब से चाहें किसी की मौत हो या खेल हो, हर जगह पॉलिटिकल इवेंट किया जा रहा है। यहां मृत्यु का भी इवेंट किया जाता है, झूठे आंसू बहाए जाते हैं। उन्होंने कहा, क्रिकेट विश्वकप है, इसमें राजनीति लाने की जरूरत नहीं है। हालांकि, अहमदाबाद में ऐसा किया जा रहा है।
नरेंद्र मोदी गेंदबाजी करेंगे
इस दौरान संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा विश्वकप को इस तरह से इवेंट बना रही है कि जैसे पीएम मोदी गेंदबाजी करेंगे, अमित शाह बल्लेबाजी करेंगे और भाजपा के नेता बाउंड्री पर खड़े होंगे। इसके बाद कहा जाएगा कि इस तरह से गेंदबाजी और बैटिंग करो। संजय राउत ने कहा, बाद में हमें सुनने को मिलेगा कि हमने विश्वकप जीत लिया क्योंकि पीएम मोदी वहां पर थे। उन्होंने आगे कहा कि इस देश में आजकल कुछ भी हो रहा है।
