देश

बिहार के कटिहार में भीड़ हुई बेकाबू, पुलिस थाने पर किया हमला; पांच पुलिसकर्मी घायल

Bihar News: बिहार के कटिहार में भीड़ ने पुलिस थाने पर हमला किया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है।

Image

बिहार में पुलिस पर हमला (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

बिहार के कटिहार जिले के डंडखोरा थाने पर भीड़ के हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। कटिहार के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा, 'यह घटना शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि को तब हुई, जब शराबबंदी कानून के उल्लंघन के सिलसिले में गिरफ्तार एक व्यक्ति को छुड़ाने के मकसद से लोगों के एक समूह ने डंडखोरा पुलिस थाने पर हमला किया।'

ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर किया पथराव

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि भीड़ ने थाने के परिसर में प्रवेश किया और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आत्मरक्षा में गोली चलाई। शर्मा ने कहा, 'भीड़ गिरफ्तार व्यक्ति को हवालात से छुड़ा नहीं पाई।'

पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही

उन्होंने बताया कि हमले के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने कहा कि घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है। बिहार में अप्रैल 2016 से शराबबंदी लागू है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हा author

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रक... और देखें

End of Article