देश

MNS प्रमुख राज ठाकरे ने की मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात, अटकलों का दौर शुरू

सीएम फडणवीस ने दोनों पार्टियों पर ठाकरे ब्रांड के इर्द-गिर्द क्रेडिट सोसाइटी के चुनावों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया था। राज ठाकरे की मुलाकात ने सियासी अटकलों को बढ़ा दिया है।

Image

राज ठाकरे ने की सीएम फडणवीस से मुलाकात (File photo: PTI)

Raj Thackeray Meets CM Fadnavis: मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की, जिससे राज्य के राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर शुरू हो गया। यह मुलाकात उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के बीच बेस्ट कर्मचारी सहकारी ऋण समिति के चुनावों में बुधवार को हुए पहले संयुक्त चुनावी मुकाबले के बाद हुई है, जिसमें दोनों पार्टियों का संयुक्त पैनल एक भी पद नहीं जीत पाया।

सीएम फडणवीस ने दोनों पार्टियों पर ठाकरे ब्रांड के इर्द-गिर्द क्रेडिट सोसाइटी के चुनावों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया था। राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाएं चल रही हैं।

शिवसेना (यूबीटी) और MNS को लगा जोर का झटका

शिवसेना (UBT) और मनसे को तब जोर का झटका लगा जब उनके पैनल ने बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड के चुनाव में सभी 21 सीटें गंवा दीं। यह एक ऐसा मंच था जहां दोनों पार्टियां अखिल महाराष्ट्र गठबंधन की चर्चा के बीच एक साथ आई थीं। इस हार के बाद भाजपा ने ठाकरे ब्रांड का मजाक उड़ाया और कहा कि यह 'शून्य' हो गया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (UBT)-मनसे पर ठाकरे ब्रांड के इर्द-गिर्द क्रेडिट सोसाइटी चुनावों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। फडणवीस ने पुणे में संवाददाताओं से कहा, मुझे लगता है कि इस तरह के चुनाव का राजनीतिकरण करने की कोई जरूरत नहीं थी, क्योंकि यह सिर्फ एक क्रेडिट सोसाइटी का चुनाव था। लेकिन उन्होंने ठाकरे ब्रांड की जीत के बड़े-बड़े दावे करके इसका राजनीतिकरण कर दिया। लेकिन ऐसा लगता है कि लोगों को यह पसंद नहीं आया। चुनाव के नतीजों ने लोगों की अस्वीकृति को दर्शाया है।

सेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने हार को कमतर आंकते हुए कहा कि उन्हें परिणामों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। राउत ने कहा, ठाकरे ब्रांड कभी असफल नहीं हो सकता। क्रेडिट सोसाइटी का चुनाव न तो कोई अंतिम परीक्षा है और न ही (आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए) कोई यूनिट टेस्ट।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article