संसद के विशेष सत्र से पहले मोदी सरकार के लिए खुशखबरी! परिसीमन बिल पर DMK का समर्थन, स्टालिन ने बताई वजह

MK Stalin on Delimitation Bill: एमके स्टालिन ने डीएमके की दो प्रमुख मांगें नए परिसीमन बिल में शामिल होने का दावा करते हुए इसका समर्थन किया है। उन्होंने इसे तमिलनाडु समेत दक्षिणी राज्यों की जीत बताया और कहा कि सभी राज्यों में सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव पर भावुक होने के बजाय शांति से विचार करना चाहिए।

MK Stalin on Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर जारी विपक्षी में सियासी खींचतान है। इसी बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने बड़ा बयान दिया है। स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी उन मांगों को शामिल किए जाने के बाद नए परिसीमन बिल का समर्थन करती है, जिनके लिए डीएमके ने अप्रैल में पुराने बिल का विरोध किया था। उन्होंने इसे 2024 से पार्टी की ओर से किए जा रहे लगातार संघर्ष की जीत बताया है।

mk stalin news

परिसीमन बिल पर डीएमके ने मोदी सरकार का किया समर्थन। PTI

एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि नए बिल में डीएमके की दोनों प्रमुख मांगों को लिखित रूप में शामिल किया गया है। उन्होंने इसे तमिलनाडु समेत सभी दक्षिणी राज्यों की जीत करार दिया।

'हमारी दोनों मांगें नए बिल में शामिल'

स्टालिन ने अपने पोस्ट में कहा कि पिछले साल अप्रैल में डीएमके ने परिसीमन बिल का विरोध करते हुए दो प्रमुख मांगें रखी थीं। अब इन दोनों मांगों को नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह 2024 से डीएमके की ओर से लगातार किए जा रहे संघर्ष का नतीजा है।

दरअसल, डीएमके की पहली मांग थी कि लोकसभा की सीटें बढ़ने के बावजूद तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी मांग थी कि राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 साल तक स्थिर रखा जाए।

'भावुक होकर नहीं, शांति से सोचने की जरूरत'

एमके स्टालिन ने कहा कि नए परिसीमन बिल को लेकर भावुक होने के बजाय शांति से विचार करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने वाले इस बिल को पारित कराने का मौका चूक गए तो क्या होगा? उनके मुताबिक, नए प्रस्ताव में सभी राज्यों के लिए सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का प्रावधान है। इससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखने की मांग को भी जगह मिली है।

अप्रैल में डीएमके ने किया था बिल का विरोध

गौरतलब है कि अप्रैल में केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव का डीएमके ने विरोध किया था। पार्टी को आशंका थी कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।

अब नए प्रस्ताव में अपनी मांगें शामिल होने का दावा करते हुए डीएमके ने समर्थन का ऐलान किया है। पार्टी के सांसद ए. राजा ने भी कहा है कि डीएमके तमिलनाडु की 7.18 फीसदी हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की शर्त के साथ प्रस्ताव का समर्थन करेगी। जरूरत पड़ने पर कुछ प्रावधानों में संशोधन की मांग भी उठाई जा सकती है।

बता दें कि संसद के विशेष सत्र की बैठकें 30 नवंबर 2026 से शुरू होंगी, जिसमें लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। सत्र की शुरुआत से पहले किरेन रिजिजू ने कहा कि इस बिल को राजनीतिक प्रतिस्पर्धा की नज़र से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि वे चाहते हैं कि हर राजनीतिक दल इसका समर्थन करे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे नहीं चाहते कि महिला आरक्षण राजनीतिक गुणा-गणित का शिकार बने। उन्होंने आगे कहा कि सरकार एक ऐसा प्रस्ताव लेकर आई है जिसका उद्देश्य सभी राज्यों में प्रतिनिधित्व की समान वृद्धि सुनिश्चित करना है।

End Article
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor ...

End of Feed