Milkipur Bypoll Live: अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट से 2022 में समाजवादी पार्टी (सपा) के चिह्न पर अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की थी। प्रसाद ने 2024 के लोकसभा चुनाव में फैजाबाद (अयोध्या) से सांसद चुने जाने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिससे इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। उप चुनाव में अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जहां एक तरफ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंकी, वहीं राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी यहां मतदाताओं को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जानिए अपडेट -
दोपहर 1 बजे तक 44 फीसदी मतदान
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है और यहां लोगों में भारी जोश दिख रहा है। दोपहर 1 बजे तक 44.59% मतदान हो चुका है। सुबह 11 बजे तक लगभग 30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार पूर्वाह्न 11 बजे तक 29.86 प्रतिशत मतदान हुआ। अयोध्या के जिलाधिकारी सह- जिला निर्वाचन अधिकारी सी. वी. सिंह ने बताया कि मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं और निर्वाचन आयोग से इन पुलिस अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है। यादव ने एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए पोस्ट कर कहा, निर्वाचन आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान ले कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।
सांसद अवधेश प्रसाद ने लगाए आरोप
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, आज चुनाव हो रहा है। मिल्कीपुर का चुनाव मर्यादा पुरुषोत्तम राम की धरती अयोध्या के जनपद मिल्कीपुर का चुनाव है जो मेरा संसदीय क्षेत्र है। मैं देवतुल्य मतदाताओं का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने मुझे अयोध्या का सांसद बनाया और देश-दुनिया में मेरा सम्मान बढ़ाया। बहुत अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि भाजपा की सरकार ने लगातार दबाव डालकर चुनाव को प्रभावित किया। आज जब मतदान हो रहा है तो मुझे सूचना मिल रही है कि हमारे (समाजवादी पार्टी) कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथों से भगाया जा रहा है। हमारे कम से कम 5 कार्यकर्ताओं को बंद कर दिया गया है। भीमराव अंबेडकर के संविधान को चकनाचूर किया जा रहा है और सभी आचार संहिताओं का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
मतदान शुरू, 5 बजे तक चलेगा
उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। अयोध्या के जिलाधिकारी सह-जिला निर्वाचन अधिकारी सी. वी. सिंह ने कहा कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 255 केंद्र पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया जारी है। अनुसूचित जाति (एससी) के लिए सुरक्षित इस सीट पर 3.71 लाख से अधिक मतदाता मैदान में उतरे 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। हालांकि, मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) के अजीत प्रसाद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंद्रभानु पासवान के बीच माना जा रहा है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट, अवधेश प्रसाद के पिछले साल लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट से निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई है।
10 उम्मीदवार मैदान में
उपचुनाव में मिल्कीपुर सीट पर दस उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने चुनाव से दूरी बनाई है। अलबत्ता कांग्रेस ने सपा को समर्थन दिया है। इस चुनाव में भाजपा ने चंद्रभानु प्रसाद को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि उनके मुकाबले समाजवादी पार्टी ने सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को मौका दिया है। अयोध्या के राजनीतिक जानकार कहते हैं कि इस उप चुनाव में भाजपा ने सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाकर राष्ट्रवाद का नारा दिया है।
नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी मिल्कीपुर में अपना उम्मीदवार उतारा है। जानकारों का कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के अवधेश प्रसाद की फैजाबाद (अयोध्या) पर जीत को भाजपा के लिए झटके के रूप में देखा गया और इस हार से उबरने के लिए पार्टी उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरा दमखम लगा रही है।
मतदान शुरू, 5 बजे तक चलेगा
उपचुनाव के तहत मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा। यहां 3,70,829 मतदाता हैं, जो 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। अधिकारियों ने यहां बताया कि मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए 414 बूथ बनाए गए हैं। सोमवार को, चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने नौ सीटों पर पिछले वर्ष उपचुनाव कराया, लेकिन हार के डर से मिल्कीपुर सीट का चुनाव टाल दिया था।
