देश

मेसी कार्यक्रम गड़बड़ी: जांच समिति के सदस्य पहुंचे सॉल्ट लेक स्टेडियम, सताद्रु दत्ता के घर बढ़ाई गई सुरक्षा

एक भव्य खेल आयोजन के रूप में प्रचारित किया जा रहा यह कार्यक्रम उस समय अव्यवस्था में तब्दील हो गया जब मेस्सी की एक झलक न मिलने पर हजारों दर्शकों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते स्टेडियम के अंदर तोड़फोड़ हुई।

Image

कोलकाता स्टेडियम में भारी बवाल मामले की जांच (PTI)

Photo : PTI

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के सॉल्ट लेक स्टेडियम में एक दिन पहले हुए कार्यक्रम में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए गठित समिति के सदस्य रविवार को स्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति आशीष कुमार राय की अध्यक्षता में समिति के सदस्य जांच करेंगे। मुख्य सचिव मनोज पंत और गृह सचिव नंदिनी चक्रवर्ती भी जांच दल के सदस्य हैं।

स्टेडियम में अफरातफरी के बाद हंगामा

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को मेसी के कार्यक्रम के दौरान कथित कुप्रबंधन की जांच के तहत समिति के सदस्य स्टेडियम परिसर, भीड़ प्रबंधन व्यवस्था और दर्शकों को दी गई सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा सकती है। समिति को गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की जिम्मेदारी तय करने और हाई-प्रोफाइल कार्यक्रमों में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उपाय सुझाने का काम सौंपा गया है।

मेस्सी की एक झलक न मिलने पर हजारों दर्शक भड़के

एक भव्य खेल आयोजन के रूप में प्रचारित किया जा रहा यह कार्यक्रम उस समय अव्यवस्था में तब्दील हो गया जब मेसी की एक झलक न मिलने पर हजारों दर्शकों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते स्टेडियम के अंदर तोड़फोड़ हुई। मेस्सी स्टेडियम में फैली व्यापक अराजकता के कारण अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान को समय से पहले मैदान छोड़ना पड़ा।

घटना के बाद, पुलिस ने आयोजन के मुख्य आयोजक को कुप्रबंधन और सार्वजनिक अव्यवस्था के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और एफआईआर दर्ज की गई। मुख्यमंत्री बनर्जी ने शनिवार को मेस्सी और फुटबॉल प्रशंसकों से माफी मांगते हुए इस घटना को बेहद चिंताजनक बताया और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक जांच समिति के गठन की घोषणा की।

सताद्रु दत्ता के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कोलकाता इवेंट के दौरान हुई अफरा-तफरी के बाद पुलिस ने रविवार को इस इवेंट के आयोजक सताद्रु दत्ता के हुगली जिले के रिशरा स्थित घर की सुरक्षा बढ़ा दी। शनिवार को घटना के तुरंत बाद दत्ता को शहर के एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। दत्ता का घर रिशरा के बांगुर पार्क इलाके में है। मेसी के साल्ट लेक स्टेडियम कार्यक्रम में हुई अफरा-तफरी के बाद क्षेत्र का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था। उग्र फैंस टिकट का रिफंड की मांग के साथ किसी भी तरह की हिसंक घटना को अंजाम न दें इसके लिए रात में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती हुई थी। रविवार सुबह में दत्ता के घर की सुरक्षा और बढ़ा दी गई।

चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, कल की घटना के बाद, इस बात की संभावना है कि फैंस एक और राउंड के प्रोटेस्ट के लिए उनके घर के बाहर आ सकते हैं। इसलिए, किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए एक्स्ट्रा पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। शनिवार को साल्ट लेक स्टेडियम में तब अफरा-तफरी मच गई, जब दर्शकों ने मेसी की एक झलक न देख पाने पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। फैंस का आरोप था कि आयोजकों का प्रबंधन सही नहीं था और विशिष्ट व्यक्तियों की वजह से उन्हें परेशानी हुई। ऊंची कीमत पर टिकट खरीदने के बाद भी वह अपने पसंदीदा स्टार को नहीं देख पाए। साल्ट लेक स्टेडियम दर्शकों के गुस्से की वजह से जंग के मैदान में बदल गया और तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने इवेंट के मुख्य आयोजक, सताद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article