देश

महबूबा मुफ्ती हुईं 'हाउस अरेस्ट', बेटी इल्तिजा ने लगाए आरोप, पूछा- क्या यही कश्मीर में सामान्य स्थिति है?

जम्मू-कश्मीर में पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। उनकी बेटी इल्तिजा ने ये आरोप लगाए हैं। ये तब सामने आया है जब कल वहां 'शहीद दिवस' मनाया जाना है।

Image

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती।

जम्मू-कश्मीर में कल यानी 13 जुलाई को मनाए जाने वाले 'शहीद दिवस' से पहले सियासत तेज हो गई है। यहां इस कार्यक्रम से एक दिन पहले ही पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) प्रमुख महबूबा मुफ्ती को कथित तौर पर घर में नजरबंद कर दिया गया है। इसे लेकर उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने रविवार को केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला है।

'मुझे और मेरी मां को घर में किया गया नजरबंद'

पीडीपी प्रमुख की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर उन्हें और उनकी मां को घर में नजरबंद कर दिया गया है। उन्होंने लिखा कि हमें शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर उन कारणों से घर में नजरबंद किया गया है, जिनके बारे में जम्मू-कश्मीर पुलिस ही बेहतर बता सकती है।

'क्या यही है कश्मीर में सामान्य हालात'

इल्तिजा मुफ्ती ने इस दौरान केंद्र सरकार के कश्मीर में सामान्य हालातों के सरकारी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या यही वह सामान्य स्थिति है, जिसका दावा किया जाता है? उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें हिरासत में रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जम्मू क्षेत्र के सिधरा इलाके में पुलिस की मदद से घरों को ध्वस्त किया जा रहा है। जो इसका विरोध कर रहा है उसे हिरासत में लिया जा रहा है। हालांकि, जम्मू-कश्मीर पुलिस या प्रशासन की ओर से महबूबा मुफ्ती को नजरबंद किए जाने के दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

क्यों मनाया जाता है कश्मीर में शहीद दिवस?

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 13 जुलाई को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन 1931 में श्रीनगर की केंद्रीय जेल के बाहर डोगरा सेना की गोलीबारी में मारे गए 22 लोगों की याद में मनाया जाता है। हालांकि, वर्ष 2020 में उपराज्यपाल प्रशासन ने इस दिन को राजपत्रित अवकाशों की सूची से हटा दिया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article