पीएम मोदी के आवास पर सीसीएस मीटिंग
CCS Meeting Amid Pahalgam Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बीच पीएम मोदी के आवास पर सुरक्षा मामलों पर कैबिनेट (CCS) की बैठक खत्म हो गई है। बैठक करीब ढाई घंटे तक चली। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय नेता मौजूद थे। अमित शाह पहलगाम का दौरा करने के बाद दिल्ली लौटे और सीसीएस बैठक के लिए पीएम आवास पहुंचे। कयास लग रहे हैं कि इस बैठक में आतंकियों के खिलाफ सख्त एक्शन का फैसला हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तय हुआ कि इस मामले पर पाकिस्तान को कूटनीतिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। पाकिस्तान की साजिश के सबूत दिए जाएंगे। इस मामले पर कुछ ही देर में विदेश मंत्रालय की प्रेस कांफ्रेंस होगी।
इससे पहले पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद हालात पर चर्चा के लिए बुधवार सुबह सऊदी अरब से लौटने पर हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक की। अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी मौजूद थे।
आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थल पहलगाम में हमला किया जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों में दो विदेशी नागरिक थे जिसमें एक संयुक्त अरब अमीरात से और एक नेपाल से था। प्रधानमंत्री ने हमले के बाद सऊदी अरब की अपनी यात्रा बीच में ही समाप्त की और भारत लौट आए। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी तत्काल जम्मू कश्मीर पहुंचे और वहां सुरक्षा हालात का जायजा ले रहे हैं।
जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले के चलते प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय यात्रा को बीच में ही समाप्त करके स्वदेश लौटने का फैसला किया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब द्वारा आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भाग नहीं लिया और अपनी यात्रा को बीच में ही समाप्त करके देश लौटने का फैसला किया। इससे पहले, पीएम मोदी ने आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायल लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा...उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।