देश

मायावती ने किसी भी गठबंधन में शामिल होने से किया इनकार, बोलीं- NO FAKE NEWS प्लीज

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 30, 2023, 01:03 PM IST

मायावती ने एक बार फिर सत्तारूढ़ दल एनडीए या फिर विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होने से इनकार किया है।

Image

मायावती ने कहा- ने फेक न्यूज प्लीज

Photo : PTI

Mayawati: 2024 लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ-साथ सियासी हलचलें भी तेज हो गई हैं। तमाम सियासी दल अपने-अपने पत्ते खोल चुके हैं और किसी न किसी गठबंधन का हिस्सा बन गए हैं। लेकिन बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अकेले ही चलने का फैसला किया है। मायावती ने एक बार फिर सत्तारूढ़ दल एनडीए या फिर विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होने से इनकार किया है।

मायावती बोलीं- नो फेक न्यूज प्लीज

उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि नो फेक न्यूज प्लीज। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से लिखा कि एनडीए व इंडिया गठबंधन अधिकतर गरीब-विरोधी जातिवादी, साम्प्रदायिक, धन्नासेठ-समर्थक व पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं, जिनकी नीतियों के विरुद्ध बीएसपी अनवरत संघर्षरत है और इसीलिए इनसे गठबंधन करके चुनाव लड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता। अतः मीडिया से अपील-नो फेक न्यूज प्लीज।

अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान

उन्होंने आगे लिखा कि बीएसपी, विरोधियों के जुगाड/जोड़तोड़ से ज्यादा समाज के टूटे/बिखरे हुए करोड़ों उपेक्षितों को आपसी भाईचारा के आधार पर जोड़कर उनके गठबंधन से सन 2007 की तरह अकेले आगामी लोकसभा और चार राज्यों में विधानसभा का आमचुनाव लडे़गी। मीडिया बार-बार भ्रान्तियां न फैलाए। मायावती ने कहा कि वैसे तो बीएसपी से गठबंधन के लिए यहां सभी आतुर हैं, किन्तु ऐसा न करने पर विपक्षी खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे की तरह भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हैं। इनसे मिल जाएं तो सेक्युलर, न मिलें तो भाजपाई। यह घोर अनुचित तथा अंगूर मिल जाए तो ठीक वरना अंगूर खट्टे हैं, की कहावत जैसी है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, बीएसपी से निकाले जाने पर सहारनपुर के पूर्व विधायक कांग्रेस व उस पार्टी के शीर्ष नेताओं की प्रशंसा में व्यस्त हैं, इससे लोगों में यह सवाल स्वाभाविक है कि उन्होंने पहले यह पार्टी छोड़ी क्यों और फिर दूसरी पार्टी में गए ही क्यों? ऐसे लोगों पर जनता कैसे भरोसा करे? (IANS Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article