देश

बसपा में फिर मायावती ने भतीजे आकाश आनंद का बढ़ाया कद, बनाया BSP का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर

मायावती ने हाल में भतीजे आकाश आनंद को माफ करते हुए पार्टी में वापस लिया था। आकाश आनंद को कई बार जिम्मेदारी दी गई है और कई बार जिम्मेदारी वापस ली गई है।

Image

बसपा में मायावती ने बढ़ाया भतीजे आकाश आनंद का कद

Photo : Twitter

बहुजन समाज पार्टी यानि कि बसपा में एक बार फिर से आकाश आनंद का कद बढ़ गया है। आकाश आनंद मायावती के भतीजे हैं और कई बार उनपर गाज गिर चुकी है। पार्टी से भी निकाले जा चुके हैं। अब वापसी के बाद मायावती ने एक बार फिर से आकाश आनंद पर विश्वास जताते हुए BSP का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर बना दिया है।

मायावती ने की घोषणा

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसको लेकर एक बयान भी जारी किया है। इस बयान में बताया गया है कि बसपा अध्यक्ष मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया है, साथ ही उन्हें देश में पार्टी के आगे के कार्यक्रम भी दिए गए। उम्मीद है कि इस बार वह पार्टी और मूवमेंट के हित में, हर प्रकार की सावधानी बरतते हुए, पार्टी को मजबूत बनाने में अपना सराहनीय योगदान देंगे।

मिली चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी

आज राष्ट्रीय राजधानी में बीएसपी की बैठक में यह फैसला लिया गया, जहां यह भी तय किया गया कि वे आगामी चुनावों में प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे। दो बार निष्कासित किए जाने के बाद यह तीसरी बार है जब आकाश को इस पद पर बहाल किया गया है।

हाल ही में आकाश आनंद की हुई है बसपा में वापसी

बता दें कि 2 मार्च 2025 को लखनऊ में हुई पार्टी मीटिंग में आकाश को अहम भूमिकाओं से हटा दिया गया। अगले ही दिन उन्हें बीएसपी से निकाल दिया गया और मायावती ने इसके लिए उनके 'ससुर के प्रभाव' और 'अनुशासनहीनता' को जिम्मेदार ठहराया। उन्हें लगा कि आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ बीएसपी में प्रभाव रखते हैं। सिद्धार्थ को पहले ही पार्टी से निकाल दिया गया था। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद की शादी अशोक सिद्धार्थ की बेटी से हुई है और अशोक सिद्धार्थ का उनकी बेटी पर कितना प्रभाव है और आकाश पर उनका कितना प्रभाव है, इस पर गंभीरता से विचार करना होगा, जो अभी तक बिल्कुल भी सकारात्मक नहीं लगता है। अप्रैल 2025 में आकाश ने सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी और सिद्धार्थ के कथित हस्तक्षेप से खुद को अलग कर लिया। मायावती को अपना "एकमात्र राजनीतिक गुरु" बताते हुए आनंद ने अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी और पार्टी में फिर से काम करने का मौका मांगा। जिसके बाद मायावती ने वापस अपनी पार्टी में आकाश आनंद को शामिल कर लिया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article