देश

सरसौल में SSC GD परीक्षा में भारी हंगामा, हाई-वे किया जाम, समय से पहले पेपर बांटने का आरोप

परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पेपर बांटने और धांधली की खबर जैसे ही बाहर आई, अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान हाईवे खाली कराने पहुंची पुलिस और आक्रोशित छात्रों के बीच तीखी नोकझोंकऔर झड़प भी हुई।

Image

सरसौल में छात्रों का प्रदर्शन। -प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : ANI

SSC GD Exam: कानपुर में एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद रविवार को जमकर बवाल हो गया। यहां सरसौल क्षेत्र के श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर पर SSC GD परीक्षा के दौरान जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पेपर बांटने और धांधली की खबर जैसे ही बाहर आई, अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान हाईवे खाली कराने पहुंची पुलिस और आक्रोशित छात्रों के बीच तीखी नोकझोंकऔर झड़प भी हुई।

समय से पहले प्रश्नपत्र बांटने का आरोप

बाहर मौजूद अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर धांधली और समय से पहले प्रश्नपत्र बांटने का गंभीर आरोप लगाया। अभ्यर्थियों का कहना है कि दोपहर 1 बजे की शिफ्ट के लिए कुछ छात्रों को तय समय से पहले ही अंदर बुलाकर परीक्षा सामग्री दे दी गई थी।

भ्रम और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना महाराजपुर के पुरवामीर स्थित ’श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन केंद्र’ में हुई। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में प्रति पाली अभ्यर्थियों के बैठने की क्षमता 399 की थी, लेकिन कथित तौर पर प्रत्येक पाली के लिए 819 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए थे, जिससे वहां भ्रम और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसएससी-जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दो पालियों में दोपहर दो से तीन बजे तक और शाम साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक आयोजित होनी थी लेकिन पहली पाली के दौरान ही दिक्कतें शुरू हो गईं, जब सैकड़ों उम्मीदवार एक साथ केंद्र पर पहुंच गए, नतीजतन सत्यापन और परीक्षा के लिये बैठने को लेकर अफरा-तफरी मच गई।

परीक्षार्थियों की संख्या केंद्र की क्षमता से कहीं अधिक

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 350 अभ्यर्थी पहले ही अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, तब अधिकारियों को यह एहसास हुआ कि परीक्षार्थियों की संख्या केंद्र की क्षमता से कहीं अधिक है। उन्होंने बताया कि गड़बड़ी की पुष्टि होने पर केंद्र प्रबंधन ने एसएससी के अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद दोनों पालियों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक अचानक परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गयी और उनमें से कुछ ने विरोध स्वरूप कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ता जाम करने का प्रयास किया, मगर लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें शांतिपूर्वक वहां से हटने के लिए राजी कर लिया।

सूत्रों के अनुसार स्थिति तब और बिगड़ गई जब दूसरी पाली में परीक्षा देने आये अभ्यर्थी भी केंद्र पर पहुंचने लगे, जिससे केंद्र के बाहर भीड़ और बढ़ गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान केंद्र पर तोड़फोड़ की खबरें भी आयीं।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article