Tamil Nadu Incident: तमिलनाडु के वालपराई में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक टेंपो ट्रैवलर अपना नियंत्रण खोकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसके तुरंत बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
तमिलनाडु में गहरी खाई में जा गिरी टेंपो ट्रैवलर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर में 13 पर्यटक सवार थे, जो केरल के पेरिंथलमन्ना से घूमने आए थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, ड्राइवर सहित 5 अन्य लोग घायल हो गए जिनमें 17-18 साल के दो युवक और दो महिलाएं शामिल हैं।
PM मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने तमिलनाडु में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ''तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुए इस हादसे की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''
कैसे हुआ हादसा?
घायलों को तत्काल पोलाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान कुल 16 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
CM विजयन ने हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया। पुलिस के अनुसार, यह वाहन केरल के पेरिंथलमन्ना से आए 13 पर्यटकों को लेकर वापस लौट रहा था।
