India-Mauritius Relations: भारत और मॉरीशस के बीच गुरुवार को अंतरिक्ष, अनुसंधान और विज्ञान सहित कई क्षेत्रों में अहम समझौते हुए। आठ दिनों की यात्रा पर भारत आए मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने वाराणसी में अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस द्विपक्षीय मुलाकात में दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग एवं रिश्ते को नई ऊंचाई पर ले जाने का अपना संकल्प दोहराया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि मॉरीशस में सदियों से भारतीय रहते हैं। यह देश भारत का पार्टनर नहीं बल्कि परिवार है। पीएम ने कहा कि दोनों देशों ने स्पेशल इकोनॉमिक पैकेज पर फैसला लिया है।
हमारे सपने और हमारी तकदीर एक है-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और मॉरीशस दो देश हैं, लेकिन हमारे सपने और हमारी तकदीर एक है। इस वर्ष हम सर शीवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती मना रहे हैं। वे केवल मॉरीशस के जनक ही नहीं थे, बल्कि भारत और मॉरीशस के बीच अटूट पुल के संस्थापक भी थे। उनकी जयंती हमें हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा देती रहेगी।' प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, 'आईआईटी मद्रास और इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ प्लांटेशन मैनेजमेंट ने मॉरीशस विश्वविद्यालय के साथ समझौते किए हैं। ये समझौते हमारे शोध, शिक्षा और नवाचार में साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।'
हाइड्रोग्राफी के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता
पीएम ने कहा कि हिंद महासागर को स्वतंत्र, खुला, सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध बनाना हमारी साझा प्राथमिकता है। भारत, मॉरीशस के विशेष आर्थिक क्षेत्र की सुरक्षा और समुद्री क्षमता को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भारत हमेशा हिंद महासागर क्षेत्र में पहले प्रत्युत्तरकर्ता और सुरक्षा प्रदाता की भूमिका निभाता रहा है। मॉरीशस के कोस्ट गार्ड जहाज का पुनःनिर्माण भारत में किया जा रहा है। उनके 120 अधिकारियों को भी भारत में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आज हाइड्रोग्राफी के क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं और अगले पांच वर्षों तक EEZ का संयुक्त सर्वेक्षण, नौवहन, चार्ट और हाइड्रोग्राफी डेटा में आपसी सहयोग होगा।'
मॉरीशस को दी जा रहीं 100 इलेक्ट्रिक बसें-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, 'ऊर्जा सुरक्षा हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। भारत, मॉरीशस को ऊर्जा संक्रमण में सहयोग दे रहा है। मॉरीशस को 100 इलेक्ट्रिक बसें दी जा रही हैं, जिनमें से 10 पहले ही पहुंच चुकी हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में हुए व्यापक साझेदारी समझौते से इसे और गति मिलेगी। हमने 17.5 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट टामरिन्ड फॉल्स में बनाने पर सहमति दी है। अब तक 5,000 से अधिक मॉरीशस नागरिकों ने भारत में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। मेरी मार्च यात्रा के दौरान यह तय हुआ था कि 500 सिविल सेवकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुझे खुशी है कि पहला बैच वर्तमान में मसूरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। आज हमने यह निर्णय भी लिया है कि मॉरीशस में एक नया विज्ञान और प्रौद्योगिकी निदेशालय स्थापित किया जाएगा और जल्द ही हम मॉरीशस में मिशन कर्मयोगी के प्रशिक्षण मॉड्यूल भी शुरू करेंगे।'
'मॉरीशस की विकास यात्रा में भारत ने दिया साथ'
मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉक्टर नवीनचंद्र रामगुलाम ने कहा, 'भारत ने अपनी विभिन्न सरकारों के माध्यम से मॉरीशस की प्रगति और विकास की यात्रा में हमारा साथ दिया है। राष्ट्रीय विकास के प्रमुख क्षेत्रों—स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और समुद्री सुरक्षा में भारत की उदार सहायता और विशेषज्ञता से हमें लाभ हुआ है। इन क्षेत्रों में भारत का समय पर समर्थन लगातार मॉरीशस के लोगों के जीवन की गुणवत्ता में ठोस बदलाव ला रहा है। यह विशेष आर्थिक पैकेज है, जैसा कि प्रधानमंत्री ने कहा, शिक्षा, ऊर्जा, बुनियादी ढांचा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में। आयुर्वेदिक केंद्र भी एक असाधारण केंद्र होगा, जो आपकी कृपा से संभव हो रहा है।'
