Vijay Movie Leak Case: तमिलनाडु इन दिनों विधानसभा चुनाव की तैयारियों चल रही हैं। इसी बीच, तमिलनाडु पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने अहम कार्रवाई करते हुए साउथ सुपरस्टार विजय की चर्चित फिल्म ’जन नायकन’ (Jana Nayagan) के रिलीज से पहले उसके ऑनलाइन लीक होने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि, फिल्म के कई डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लीक होने की शिकायत मिलने के बाद राज्य पुलिस के साइबर अपराध जांच केंद्र ने मामला दर्ज किया और 12 अप्रैल को आरोपियों को गिरफ्तार किया।
10 अप्रैल को ऑनलाइन लीक हो गई थी फिल्म
पुलिस से जानकारी के अनुसार, तमिल सिनेमा के जाने-माने एक्टर और टीवीके पार्टी के अध्यक्ष थलपति विजय की आखिरी फिल्म 10 अप्रैल को ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिससे फिल्म उद्योग जगत ने नाराजगी जाहिर की है। एच विनोद द्वारा निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस फिल्म को विजय के राजनीति में पूर्णकालिक प्रवेश से पहले उनकी अंतिम फिल्म के रूप में देखा जा रहा था।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, कॉपीराइट अधिनियम और सिनेमैटोग्राफ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने आगे कहा कि, ’’मामले की जांच चल रही है और इस स्तर पर गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम उजागर करना संभव नहीं है।’’
क्लाउड स्टोरेज प्लेटफॉर्म लीक कर रहे थे फिल्म
साइबर अपराध शाखा के मुख्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डिजिटल फोरेंसिक विश्लेषण करने और वितरण श्रृंखला का पता लगाने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच में छह लोगों की पहचान हुई, जो क्लाउड स्टोरेज प्लेटफॉर्म के जरिए फिल्म की कॉपी अपलोड और लिंक साझा करने में कथित रूप से शामिल थे।
अवैध लिंक को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं और उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसके अलावा, 300 से अधिक अवैध लिंक को ब्लॉक करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सोशल मीडिया, वेबसाइट और फाइल-शेयरिंग सेवाओं की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। गौरतलब है कि, तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें तमिलनाडु विधानसभा के सभी 234 सदस्य चुने जाएंगे। वोटों की गिनती के साथ नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
(इनपुट - भाषा)
