Manmohan Singh Memorial: केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों की एक टीम ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए बृहस्पतिवार को विजय घाट, राष्ट्रीय स्मृति स्थल और आसपास के इलाकों में कुछ स्थलों का दौरा किया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि स्मारक कहां बनाया जाएगा, इस बारे में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। मनमोहन के स्मारक के लिए जगह को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों के बीच कई बैठकें हुई हैं। इससे पहले, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने भी संजय गांधी स्मारक और राष्ट्रीय स्मृति स्थल के आसपास के स्थलों का दौरा किया था तथा मनमोहन के स्मारक के लिए कुछ स्थानों की पहचान की थी।
मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का किया दौरा
कांग्रेस ने सरकार पर मनमोहन सिंह का अपमान करने का लगाया था आरोप
जानकारी के मुताबिक, मनमोहन सिंह के परिवार को इन जगहों के बारे में जानकारी दे दी गई है और वे जल्द ही अपनी पसंद बताएंगे। इसके बाद एक ट्रस्ट को जमीन आवंटित की जाएगी, जो स्मारक के निर्माण और रखरखाव का काम देखेगा। यह पूरा मामला पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए अधिकृत जगह न देने पर हुए विवाद के बाद सामने आया था। विपक्षी दलों खासतौर पर कांग्रेस ने सरकार पर मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया था।
