Manish Sisodia: शराब घोटाले में 17 महीने से जेल में बंद मनीष सिसोदिया ने बाहर आते ही विधानसभा चुनाव की कमान संभाल ली है। जानकारी के मुताबिक, मनीष सिसोदिया आज शाम 6 बजे आम आदमी पार्टी के नेताओं संग बड़ी बैठक करने वाले हैं। इसमें पार्टी के सभी बड़े नेता शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया यह बैठक मनीष सिसोदिया के आवास पर ही होगी।
बता दें, मनीष सिसोदिया बीते 17 महीनों से जेल में बंद थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें शुक्रवार को सशर्त जमानत मिली है। उन्हें 26 फरवरी, 2023 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। मनीष सिसोदिया ने बाहर आते ही भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कार्यकर्ताओं से की अपील
एक दिन पहले मनीष सिसोदिया ने पार्टी कार्यालय में आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को तुरंत कड़ी मेहनत शुरू कर देनी चाहिए ताकि हरियाणा, दिल्ली और अन्य जगहों पर विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नए सहयोगियों के साथ-साथ विपक्षी ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के दलों से तानाशाही के खिलाफ न केवल अपने नेताओं को जेल जाने से बचाने के लिए, बल्कि सबसे महत्वपूर्ण बात, देश के हित के लिए एकजुट होने का आग्रह किया।
वकील सिंघवी से भी की थी मुलाकात
बता दें, शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी से उनके आवास पर मुलाकात की और आबकारी नीति मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत दिलाने में कानूनी मदद के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ अधिवक्ता और कांग्रेस नेता सिंघवी से मुलाकात के दौरान सिसोदिया के साथ आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह भी मौजूद थे। दिल्ली की मंत्री आतिशी भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद थीं।
