Manish Sisodia Latest News: आम आदमी पार्टी (आप) के सीनियर नेता, दिल्ली के पूर्व डिप्टी-सीएम और सीएम अरविंद केजरीवाल के सबसे करीबी सहयोगी मनीष सिसोदिया शनिवार (11 नवंबर, 2023) को छोटी दिवाली के मौके पर बीमार पत्नी से मिले। वह इसके लिए कोर्ट से मंजूरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी तिहाड़ जेल से अपने आवास पहुंचे थे। मुलाकात के बाद शाम को भारी सुरक्षा के बीच वह वापस जेल के लिए रवाना हो गए।
सिसोदिया पुलिस की गाड़ी से मथुरा रोड स्थित अपने आवास पर सुबह करीब दस बजे पहुंचे थे और उनके साथ तब पुलिसकर्मी भी रहे। वैसे, इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने जून में भी सिसोदिया को पत्नी सीमा से मिलने की अनुमति दी थी, लेकिन वह उनसे मुलाकात नहीं कर सके थे। ऐसा इसलिए, क्योंकि सीमा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिसोदिया की पत्नी ‘मल्टीपल स्केलेरोसिस’ से पीड़ित हैं।
कोर्ट ने सिसोदिया को पत्नी से मिलने की इजाजत देते हुए उन्हें मीडिया से बात न करने या किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल न होने का आदेश दिया है। दरअसल, कथित शराब घोटाला मामले में फिलहाल वह जेल में हैं। उन्हें सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक छह घंटे के लिए धर्मपत्नी से मिलने की इजाजत दी गई थी।
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सिसोदिया को फरवरी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था। इससे पहले, वह अरविंद केजरीवाल सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। उनके पास कई अन्य विभाग भी थे। हाल में उच्चतम न्यायालय ने सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
