देश

मणिपुर केसः पांचवां आरोपी अरेस्ट, विपक्ष पर ठाकुर का पलटवार- राजस्थान महिला अपराध में नंबर-1, बिहार में भी 'बहार ही बहार'

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jul 22, 2023, 02:28 PM IST

Manipur Latest News: इस बीच, हिंसा प्रभावित मणिपुर में भीड़ की ओर से दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने (चार मई को) के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। 19 जुलाई को इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद से पूरे देश में आक्रोश देखने को मिला।

Image

मणिपुर केसः पांचवां आरोपी अरेस्ट, विपक्ष पर ठाकुर का पलटवार- राजस्थान महिला अपराध में नंबर-1, बिहार में भी 'बहार ही बहार'

Manipur Latest News: हिंसा के आगोश में आने वाले नॉर्थ ईस्ट के सूबे मणिपुर में महिलाओं से हैवानियत के मामले में पांचवां आरोपी अरेस्ट कर लिया गया है, जबकि शनिवार (22 जुलाई, 2023) को भी इस मुद्दे पर सियासत हाई (चरम पर) देखने को मिली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जहां जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा। वहीं, पलटवार में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने न सिर्फ उन्हें आईना दिखाया बल्कि कांग्रेस की पूर्व अंतरिम चीफ सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को भी बुरी तरह लपेटा।

शनिवार (22 जुलाई, 2023) को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकुर ने कहा, "पांच साल में राजस्थान कहां पहुंच गया। वहां पर महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म, अपराध और अत्याचार की कितनी सारी घटनाएं हुईं। एक शांत राज्य पांच साल में महिला अपराध में नंबर-1 बन गया है। एक लाख नौ हजार महिला अपराध की घटनाएं पिछले चार वर्षों में हुई हैं।"

आंकड़े देते हुए उन्होंने बताया, "33 हजार औरतों के साथ रेप की घटनाएं राजस्थान में और 22% महिला दुष्कर्म की घटनाएं इसी सूबे से...ये अपने आप में राजस्थान को महिला अपराध में नंबर-1 बनाता है। कुल मिलाकर 10 लाख से अधिक अपराध की घटनाएं वहां रजिस्टर की गई हैं।" वह तंज कसते हुए आगे बोले-पीएम ने कहा था कि राज्यों को कड़े कदम उठाने चाहिए और सोनिया-राहुल के निर्देश पर गहलोत ने कड़े कदम उठाए और अपने ही मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया...इसलिए किया कि गुढ़ा ने सूबे के हालात (महिला अपराध) पर चिंता की।

मंत्री ने बताया, महिलाओं के खिलाफ जो घटनाएं बढ़ीं, वे चिंताजनक हैं। बहुत सारे राज्यों में देखा गया कि बहुत कुछ होने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। हालांकि, कुछ लोग सियासी चश्मे से ही सबकुछ देखते हैं। नारी अस्मिता बिहार में तार-तार है। सूबे के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के चश्मे से बिहार में बहार ही बहार है। बेगूसराय की घटना सबके सामने पर सीएम और डिप्टी सीएम कुछ नहीं बोले...यह दिखाता है कि कैसे अपराध करने वालों को संरक्षण दिया जाता है।

इतना ही नहीं, आगे कांग्रेस की प्रियंका गांधी को लेकर वह बोले कि जो कहती थीं कि "लड़की हूं, लड़ सकती हूं..." वह अब कहां हैं? आगे पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को लेकर बोले कि दीदी आपके मन मे ममता बची है या नहीं इस पर बड़ा सवाल है। पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान महिला को निर्वस्त्र कर के घुमाया गया। वीडियो वायरल है आप देखिए। मैं पूछता हूं कि सरकार कहां है और कानून कहां हैं?

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article